ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 के एक छोटे से वीडियो ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है, यूजर्स घटना के अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।
मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास शनिवार शाम आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस क्लिप में अनंत अंबानी सद्गुरु से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पास खड़े शाहरुख खान की ओर वह कथित तौर पर चुप रहने का इशारा करते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
कार्यक्रम में कई बड़ी हस्तियों ने की शिरकत
यह कार्यक्रम अमृता फडणवीस के दिव्यज फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया गया था। इसमें 26/11 मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों, सुरक्षाकर्मियों और आम नायकों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में फिल्म, खेल, कारोबार, आध्यात्म और प्रशासन से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। एक क्लिप में अनंत अंबानी शाहरुख खान को गले लगाते दिखे, जबकि दूसरे वीडियो में शाहरुख खान सद्गुरु और रणवीर सिंह के साथ बातचीत करते नजर आए।
बातचीत के बीच शाहरुख खान को किया इशारा?
वायरल क्लिप में सद्गुरु अपनी बात रख रहे हैं और अनंत अंबानी उनसे बातचीत कर रहे हैं। इसी दौरान शाहरुख खान भी बातचीत में शामिल होने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। तभी अनंत अंबानी कथित तौर पर उन्हें शांत रहने का इशारा करते नजर आते हैं।
कुछ लोगों ने इस पल को शाहरुख खान के लिए असहज स्थिति बताया है। हालांकि, वीडियो के छोटे हिस्से से पूरी बातचीत और उस समय का संदर्भ स्पष्ट नहीं होता।
सोशल मीडिया पर बंटे यूजर्स के रिएक्शन
वीडियो सामने आने के बाद एक्स और रेडिट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने शाहरुख खान के प्रति सहानुभूति जताई और सार्वजनिक मंच पर आपसी सम्मान बनाए रखने की बात कही।
वहीं, कई लोगों ने इसे बिना पूरे संदर्भ के वायरल की जा रही छोटी क्लिप बताया। कुछ यूजर्स ने कार्यक्रम में मौजूद फिल्म और बिजनेस जगत की हस्तियों को लेकर भी टिप्पणियां कीं।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ जैसे कलाकारों ने भी परफॉर्मेंस दी। वहीं, शाहरुख खान के फैंस की नजरें उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ पर टिकी हैं, जो 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

