भारतीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने बिसलेरी समेत पांच कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है, जबकि दो अन्य कंपनियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
देश के प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों में शामिल बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। जांच में कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल असुरक्षित पाया गया है। इस मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच कंपनियों पर कार्रवाई की गई है।
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में इन कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी है। इसके अलावा, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के कारण दो अन्य कंपनियों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
बिसलेरी के पानी में क्या मिला?
FSSAI की जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल निर्धारित ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी ने इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में भी पानी के सैंपल में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए गए और इसे असुरक्षित करार दिया गया। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा कानून के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा शुरू करने की मंजूरी दे दी।
इन चार कंपनियों पर भी होगी कार्यवाही
बिसलेरी के अलावा FSSAI ने चार अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी शामिल हैं।
वसंत मसाला और टिट-बिट फूड्स के उत्पादों में गड़बड़ी
वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल नामक कीटनाशक अवशेष की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। वहीं, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में कीटनाशक अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा तय मानकों से ज्यादा मिली।
मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी पर भी एक्शन
मीमांसा इंडस्ट्रीज के अखरोट की गिरी को जांच में घटिया और असुरक्षित पाया गया। वहीं, आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट से भरी कुकीज में चीनी की मात्रा को लेकर दी गई जानकारी गलत मिली। जांच में ये कुकीज भी घटिया और असुरक्षित पाई गईं।
दो कंपनियों के लाइसेंस निलंबित
FSSAI ने उर्मि लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं। इन कंपनियों के खिलाफ खराब स्वच्छता और दोबारा पैकिंग से जुड़ी अनियमितताओं के कारण यह कार्रवाई की गई।
FSSAI इस साल खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ा रहा है। एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियां भी नियामक की जांच के दायरे में हैं।

