महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने विधानसभा में ‘मुख्यमंत्री युवा कार्य प्रशिक्षण योजना’ के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए 6-सूत्री कार्यक्रम की घोषणा की।
महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने रविवार को महाराष्ट्र विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा कार्य प्रशिक्षण योजना’ के तहत प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है।
मंत्री लोढ़ा ने प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक ‘6-सूत्री कार्यक्रम’ भी जारी किया। यह जानकारी उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के अंतर्गत पूछे गए विधायक डॉ. राहुल पाटिल और अमित साटम के सवाल का जवाब देते हुए दी।
योजना की मुख्य बातें
- आईटीआई प्रशिक्षण: शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के अत्यकालीन पाठ्यक्रमों में 10% प्राथमिकता आरक्षण रखा जाएगा। लाभार्थियों को इन पाठ्यक्रमों में (एक बार, किसी एक पाठ्यक्रम के लिए) निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।
- स्वरोजगार योजना में प्राथमिकता: मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की पंजीकरण प्रक्रिया में लाभार्थियों के लिए 10% प्राथमिकता आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
- रोजगार सूची उपलब्ध कराना: प्रशिक्षित युवाओं की अद्यतन सूची उद्योग विभाग को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
- एमएसएमई मैच मेकिंग पोर्टल: लाभार्थियों के लिए महास्वयं पोर्टल में ‘मैच मेकिंग पोर्टल’ एप्लिकेशन के माध्यम से सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उद्योग, उद्यमी और लाभार्थियों के बीच सीधा संपर्क और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
- रोजगार मेलों में विशेष व्यवस्था: विभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेलों में इस योजना के लाभार्थियों के लिए विशेष काउंटर और प्राथमिकता व्यवस्था होगी।
- निजी कंपनियों के लिए प्रशिक्षण: प्रशिक्षणार्थियों को निजी कंपनियों की आवश्यकता के अनुसार विशेष कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें नौकरी मिलने में प्राथमिकता मिल सके।
इस योजना के तहत युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों में सुधार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

