पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अवैध निर्माण हटाने के दौरान बड़ा बवाल हो गया। एमसीडी की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के समय उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी कर दी, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और अब मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इसके साथ ही 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
CCTV और बॉडी कैमरों से हो रही पहचान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों और पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरा फुटेज की मदद से पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है। अब तक 4 से 5 संदिग्धों की पहचान कर ली गई है।
FIR में दंगा, सरकारी कर्मचारी पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस ने हालात किए काबू
सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर मधुर वर्मा ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया ताकि इलाके में कोई तनाव न फैले।
हाई कोर्ट के आदेश पर हो रही थी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर विवेक अग्रवाल ने बताया कि यह मामला लंबे समय से दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित था। कोर्ट के आदेश के बाद करीब 36,400 स्क्वायर फीट इलाके में बनी अवैध संरचनाओं को हटाया जा रहा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मस्जिद की जमीन पूरी तरह सुरक्षित है और कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। वरिष्ठ अधिकारी पूरी रात मौके पर मौजूद रहे।

