केंद्रीय वाणिज्य मंत्री और भाजपा के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने संकेत दिए हैं कि भाजपा दक्षिण भारत के इस राज्य में भी हिंदुत्व और सनातन आस्था के मुद्दों के सहारे चुनावी समर में उतरेगी। उन्होंने डीएमके सरकार और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को हिंदू और सनातन धर्म विरोधी करार देते हुए कहा कि राज्य की जनता चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
पीयूष गोयल ने तिरुप्परनकुंड्रम मंदिर में दीपपथून पर अदालत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन की अनुमति को आस्था और परंपरा की जीत बताया।
“आस्था और परंपरा की जीत”
पीयूष गोयल ने कहा कि सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार भगवान मुरुगन और भगवान कार्तिकेय के सम्मान में दीप प्रज्ज्वलन होता आया है, लेकिन एक मजार के नाम पर डीएमके सरकार ने इस परंपरा को रोकने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि अदालत ने स्पष्ट किया कि यह परंपरा जारी रखने में कोई कानूनी बाधा नहीं है। गोयल के अनुसार,
“यह फैसला हिंदू आस्था और धार्मिक परंपराओं की जीत है।”
अदालत के फैसले के बाद भी सरकार अड़ी
गोयल ने आरोप लगाया कि अदालत के फैसले को स्वीकार करने के बजाय तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर कर दी। उन्होंने इसे सनातन धर्म के प्रति सरकार की मानसिकता का उदाहरण बताया।
उदयनिधि स्टालिन के बयान का जिक्र
पीयूष गोयल ने याद दिलाया कि सितंबर 2023 में उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को समाप्त करने जैसा बयान दिया था। इसके कुछ समय बाद ही तिरुप्परनकुंड्रम पर्वत पर दीप प्रज्ज्वलन पर रोक लगाई गई।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु हाईकोर्ट ने भक्तों को न्याय दिलाया, जिससे लाखों श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा हुई।
महाराष्ट्र की राजनीति पर भी हमला
पीयूष गोयल ने महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि
उद्धव ठाकरे, सुप्रिया सुले और गांधी परिवार सनातन और हिंदू विरोधी राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने संसद में न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन इसलिए किया क्योंकि उन्होंने मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन की अनुमति दी थी।
गोयल ने कहा कि जनता ने विधानसभा चुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों में ऐसे दलों को जवाब दिया है और आने वाले बीएमसी और महानगर पालिका चुनावों में भी यही रुख रहेगा।
भाजपा का दावा
पीयूष गोयल ने भरोसा जताया कि तमिलनाडु में भाजपा आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी और इसका राजनीतिक लाभ पार्टी को मिलेगा।

