77वें गणतंत्र दिवस 2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राजधानी दिल्ली में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आतंकी खतरों को लेकर मिले इनपुट के बाद नई दिल्ली जिला पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने कर्तव्य पथ और उसके आसपास के इलाकों को पूरी तरह ‘किले’ में तब्दील कर दिया है। इस बार सुरक्षा की सबसे बड़ी खासियत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी है, जिसके जरिए संदिग्ध गतिविधियों और चेहरों पर 24×7 नजर रखी जाएगी।
26 जोन में बंटा कर्तव्य पथ, DCP संभालेंगे कमान
दिल्ली पुलिस के एडिशनल पुलिस कमिश्नर देवेश महला के मुताबिक, गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए कर्तव्य पथ के पूरे रूट को 26 सुरक्षा जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल के डीसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। खालिस्तानी आतंकी संगठनों और कुछ बांग्लादेशी संगठनों से संभावित खतरे के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
AI कैमरे और स्मार्ट चश्मों से होगी पहचान
इस साल सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक की बड़ी भूमिका होगी। पुलिसकर्मियों को AI से लैस स्मार्ट चश्मे दिए गए हैं, जो संदिग्ध चेहरों की पहचान कर तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे। नई दिल्ली जिले में कुल 31 CCTV कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। सिर्फ परेड रूट पर ही 1,000 से ज्यादा हाई-डेफिनिशन कैमरे लगाए गए हैं, जो फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) से जुड़े हैं। इन कैमरों में आतंकियों और संदिग्धों का डाटाबेस फीड किया गया है।
10,000 जवान, तीन लेयर की फिजिकल चेकिंग
फिजिकल सुरक्षा के लिए नई दिल्ली जिले में करीब 10,000 पुलिसकर्मियों के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था तीन स्तरों पर की गई है, जिसमें पैदल यात्रियों और वाहनों की सघन तलाशी शामिल है। हवाई खतरों से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन यूनिट्स तैनात की गई हैं, जबकि ऊंची इमारतों पर स्नाइपर टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस और किरायेदारों का सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है।
भारतीय नदियों के नाम पर एन्क्लोजर, मेट्रो से पहुंचे मेहमान
इस बार गणतंत्र दिवस परेड के एन्क्लोजर का नाम भारत की प्रमुख नदियों के नाम पर रखा गया है। मेहमानों को दो समूहों में बांटा गया है:
ग्रुप A: व्यास, ब्रह्मपुत्र, चंबल, चिनाब, गंडक, गंगा, घाघरा, गोदावरी, सिंधु और झेलम एन्क्लोजर — उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन
ग्रुप B: कावेरी, कोसी, कृष्णा, महानदी, नर्मदा, पेन्नार, पेरियार, रावी, सोन, सतलुज, तीस्ता, वैगई और यमुना एन्क्लोजर — सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन
विशेष आमंत्रित अतिथियों के लिए दिल्ली मेट्रो में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है, जिसके लिए डिजिटल पास का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
दिल्ली पुलिस की नागरिकों से अपील
सुरक्षा के मद्देनजर एन्क्लोजर के भीतर बैग, खाने-पीने का सामान, पावर बैंक, पानी की बोतल, छाता, परफ्यूम, खिलौना हथियार और ज्वलनशील वस्तुएं ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे फ्रिस्किंग पॉइंट्स पर सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें।

