राजधानी नई दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ लंबी बैठकों के बाद तमिलनाडु कांग्रेस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ सप्ताहांत में हुए मंथन के बाद तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने 2026 के विधानसभा चुनावों की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कल एक अहम कार्यकारिणी बैठक बुलाई है।
हालांकि, इन तैयारियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस राज्य में किस रास्ते पर चलेगी—पुराने सहयोगी डीएमके (DMK) के साथ या फिर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ नया सियासी प्रयोग करेगी?
क्या टूटेगा कांग्रेस–DMK गठबंधन?
तमिलनाडु में कांग्रेस–DMK गठबंधन इस वक्त अपने सबसे संवेदनशील दौर से गुजर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने राज्य इकाई को फिलहाल गठबंधन मर्यादा निभाने और डीएमके के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी है।
इसके बावजूद, राज्य कांग्रेस के भीतर डीएमके द्वारा सत्ता में हिस्सेदारी न देने को लेकर गहरी नाराजगी है। नेताओं का मानना है कि चुनाव जीतने के बाद सहयोगियों को दरकिनार करना गठबंधन धर्म के खिलाफ है।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी इस मुद्दे पर डीएमके को घेरते हुए केरल के ‘यूडीएफ मॉडल’ का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सहयोगियों को चुनाव के बाद ‘टाटा-बाय-बाय’ कहना गलत परंपरा है। वहीं, डीएमके ने कांग्रेस के इन आरोपों पर अब तक चुप्पी साध रखी है।
विजय की TVK क्यों बन रही है कांग्रेस का विकल्प?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस के सामने यह फैसला दोहरी चुनौती जैसा है। एक तरफ डीएमके से अलग होने का फायदा यह हो सकता है कि कांग्रेस को सत्ता में भागीदारी का नया मौका मिले। साथ ही, डीएमके नेताओं के विवादास्पद बयानों का असर भी कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर झेलना नहीं पड़ेगा।
दूसरी ओर, अभिनेता विजय की TVK ने कांग्रेस को ‘स्वाभाविक सहयोगी’ बताया है। विजय की रैलियों में जुट रही भारी भीड़ और भाजपा के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ संभावित साझा मोर्चा कांग्रेस को आकर्षित कर रहा है। इसके अलावा, डीएमके के खिलाफ बन रहे सत्ता विरोधी माहौल से दूरी बनाना भी कांग्रेस के लिए फायदेमंद हो सकता है।
बदलाव में छिपा बड़ा जोखिम
हालांकि, इस रणनीतिक बदलाव में बड़ा जोखिम भी है। DMK एक आजमाया हुआ और मजबूत सहयोगी रहा है, जिसने लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को अहम समर्थन दिलाया। राज्य में कांग्रेस का संगठन पहले से ही कमजोर है और उसका वोट शेयर लगातार गिरा है।
वहीं, विजय राजनीति में अभी नए हैं। रैलियों की भीड़ क्या वोटों में बदलेगी, यह अब भी एक बड़ा सवाल है। यदि यह प्रयोग विफल रहा, तो कांग्रेस न केवल एक भरोसेमंद सहयोगी खो सकती है, बल्कि तमिलनाडु की राजनीति में पूरी तरह अलग-थलग भी पड़ सकती है।
अब निगाहें कांग्रेस नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं—क्या वह सत्ता में हिस्सेदारी की उम्मीद में जोखिम उठाएगा या फिर सुरक्षित रास्ता चुनते हुए DMK के साथ गठबंधन बनाए रखेगा?

