अंधेरी में बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर फर्जी इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर कारोबारी के कार्यालय में रेड डालने और 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीनकर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और कारोबारी को भी जबरन कार्यालय ले गए। पुलिस ने जांच के बाद गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।
फर्जी अधिकारियों ने कार्यालय में डाली रेड
साकीनाका निवासी 49 वर्षीय कारोबारी राजकुमार कंडासामी चकाला स्थित कार्यालय से आंखों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का कारोबार करते हैं। 17 अगस्त को कर्मचारियों ने उन्हें फोन कर बताया कि कार्यालय में इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच की रेड चल रही है।
कारोबारी जब अपनी पत्नी के साथ कार्यालय पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें उनकी ही बुक की गई कैब में जबरन बैठाकर कार्यालय ले गए। वहां छह पुरुष और तीन महिलाएं खुद को जांच दल का सदस्य बता रहे थे। आरोपियों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए।
फर्जी सर्च वारंट दिखाकर लिए 1.70 लाख रुपये
आरोपियों ने कारोबारी को फर्जी सर्च वारंट दिखाया और उनसे दस्तखत भी करवाए। इसके बाद पेटी कैश के नाम पर 1.70 लाख रुपये नकद ले लिए गए। आरोपियों ने कारोबारी को 1.44 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने की धमकी भी दी।
मामला खत्म करने और गिरफ्तारी से बचाने के बदले आरोपियों ने कारोबारी से 1 करोड़ रुपये की मांग की। जब कारोबारी ने आधिकारिक नोटिस मांगा तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
CA और इनकम टैक्स विभाग से संपर्क के बाद खुला राज
आरोपियों के कार्यालय से जाने के बाद कारोबारी ने अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट से संपर्क किया। इसके बाद इनकम टैक्स विभाग से जानकारी लेने पर पता चला कि कार्यालय में कोई आधिकारिक रेड नहीं हुई थी। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
50 जगहों की CCTV फुटेज खंगालकर छह गिरफ्तार
पुलिस टीम ने करीब 50 स्थानों की सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद 4 सितंबर को संतोष उदय खोपटकर, विनय रमेश मोरे, प्रेम किशन सबनानी, प्रज्ञा हरीश माईन, रेशमा शामराव वारंग और सबीना हाफिज शेख को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, कारोबारी का पूर्व ड्राइवर संतोष खोपटकर भी साजिश में शामिल था। उसने आरोपियों को कारोबारी और उनके कारोबार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई थी। वहीं आरोपी प्रेम किशन सबनानी के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
तीन आरोपी अभी फरार
मामले में शबीना शेख, जितेंद्र मोरे और अशोक शिंदे अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जांच में पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह ने इसी तरह किसी अन्य कारोबारी को निशाना बनाया था या नहीं।

