बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने किया नमन

Thecity news
3 Min Read

शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल, योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी और भजनलाल शर्मा ने उनके योगदान, विचारधारा और नेतृत्व को याद किया।

नई दिल्ली, 17 नवंबर। शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मनोहर लाल के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके योगदान और विचारों को याद किया।

शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के विकास में योगदान को किया याद

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा कि बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रवाद के ओजस्वी स्वर, अद्वितीय वक्ता और जननेता थे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में उनके अहम योगदान और प्रखर विचारों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

मनोहर लाल ने साहस और स्पष्टवादिता को सराहा

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बालासाहेब ठाकरे को प्रखर राष्ट्रवादी और जनप्रिय नेता बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनका जीवन साहस, स्पष्टवादिता और सांस्कृतिक स्वाभिमान की मिसाल था। मनोहर लाल के मुताबिक, बालासाहेब ने अपने सिद्धांतों और विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य ने भी किया नमन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बालासाहेब ठाकरे को विचारों से दृढ़ और राष्ट्रीय मूल्यों का सच्चा समर्थक बताया। उन्होंने कहा कि उनका राष्ट्रवादी व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणा है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए हिंदुत्व, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित के प्रति उनके समर्पण को याद किया।

धामी और नायब सैनी ने भी दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बालासाहेब ठाकरे को प्रखर राष्ट्रवादी विचारधारा का संवाहक, ओजस्वी वक्ता और निर्भीक नेतृत्व का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के प्रति अडिग संकल्प रखने वाला निर्भीक नेता बताया। उन्होंने कहा कि जनहित के प्रति बालासाहेब के विचार और नेतृत्व देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे।

भजनलाल शर्मा ने बताया अद्वितीय जननायक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बालासाहेब ठाकरे को प्रखर राष्ट्रवादी, ओजस्वी वक्ता और अद्वितीय जननायक बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद और समाजहित के लिए उनका आजीवन समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

Share This Article