मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गोवा में बैठकर नेटवर्क चलाने वाले कथित मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-8 ने धारावी इलाके में छापेमारी कर म्यूल बैंक अकाउंट रैकेट का पर्दाफाश किया है। ऑनलाइन ठगी, गेमिंग ऐप और साइबर अपराध से जुटाई गई रकम को ठिकाने लगाने के लिए इस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मामले में वसीम जावेद खान (36) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के घर से बड़ी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने वसीम के घर की तलाशी के दौरान अलग-अलग बैंकों के 56 डेबिट कार्ड, 32 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 4 खाली चेक, बैंक पासबुक और एक डायरी बरामद की है। बरामद 56 डेबिट कार्ड में से 23 के साथ अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड भी मिले हैं। डायरी में संदिग्ध बैंक खातों का हिसाब-किताब दर्ज बताया जा रहा है।
इस नेटवर्क का कथित मुख्य सूत्रधार सागर नाम का व्यक्ति है, जो गोवा से इसे संचालित कर रहा था।
गोपनीय सूचना के बाद हुई छापेमारी
क्राइम ब्रांच यूनिट-8 के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि धारावी की नेहरू सोसायटी में रहने वाला वसीम खान मुंबई के अलग-अलग बैंकों में नए खाते खुलवाकर उनकी बैंक किट और लिंक्ड सिम कार्ड जमा कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापा मारा।
15 हजार रुपये का लालच देकर खुलवाते थे खाते
पुलिस पूछताछ में आरोपी वसीम ने बताया कि उसकी मुलाकात गोवा निवासी सागर से हुई थी। सागर ने साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले भारी मुनाफे का लालच दिया था।
इसके बाद वसीम जरूरतमंद लोगों को 15 हजार रुपये देने का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। खाते खुलने के बाद वह एटीएम कार्ड, पासबुक और उनसे जुड़े सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लेता था। फिर इन बैंक किट को गोवा में बैठे सागर तक पहुंचाया जाता था।
फरार सागर की तलाश में जुटी पुलिस
धारावी पुलिस स्टेशन में वसीम और फरार आरोपी सागर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जिनके नाम पर ये म्यूल बैंक खाते खोले गए थे।
क्राइम ब्रांच इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितने करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है। गोवा में बैठे कथित मास्टरमाइंड सागर की तलाश तेज कर दी गई है।

