बिहार में सुरक्षा कारणों से अब बुर्का, हिजाब और घूंघट पहनकर सोना-चांदी खरीदने की अनुमति नहीं होगी। अखिल भारतीय आभूषण और स्वर्ण महासंघ ने यह फैसला लिया है।
बिहार में सर्राफा कारोबार से जुड़ा एक बड़ा फैसला सामने आया है। अब राज्य में बुर्का, हिजाब, घूंघट या चेहरा ढककर सोना-चांदी खरीदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह निर्णय अखिल भारतीय आभूषण और स्वर्ण महासंघ द्वारा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
महासंघ का दावा है कि बिहार इस तरह का नियम लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
महासंघ ने क्या कहा?
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि यह निर्णय किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी तरह सुरक्षा कारणों पर आधारित है।
उन्होंने कहा, “आज आभूषण बेहद कीमती हो चुके हैं। 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये और एक किलो चांदी की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है। समस्या तब आती है जब लोग चेहरा ढककर, हेलमेट या नकाब पहनकर 3-4 लोगों के समूह में दुकान पर आते हैं और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।”
पुलिस प्रशासन से ली गई मंजूरी
अशोक वर्मा ने स्पष्ट किया कि महासंघ की मंशा किसी का बुर्का या हिजाब उतरवाने की नहीं है। दुकानदार केवल ग्राहकों से चेहरा दिखाकर खरीदारी करने का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस फैसले को लागू करने से पहले पटना के शहर पुलिस अधीक्षक से चर्चा की गई थी, जिन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर महासंघ के इस निर्णय का समर्थन किया है।
उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी असर
इस फैसले का असर अब उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी दिखाई देने लगा है। न्यूज4नेशन की रिपोर्ट के अनुसार, झांसी और अमेठी में सर्राफा कारोबारियों ने दुकानों के बाहर नोटिस लगा दिए हैं, जिसमें साफ लिखा है कि ग्राहक दुकान में प्रवेश करते समय चेहरा खुला रखें।
कारोबारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं के बाद CCTV फुटेज में अपराधियों का चेहरा साफ न दिखने के कारण पहचान करना मुश्किल हो जाता है, इसी वजह से यह कदम उठाया गया है।
यह फैसला जहां एक ओर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसे लेकर सामाजिक स्तर पर चर्चा भी तेज हो गई है।

