पाक ISPR प्रमुख का भारतीय मीडिया पर हमला, RAW एजेंट बताकर भाषा की मर्यादा लांघी

Thecity news
3 Min Read

पाकिस्तान के ISPR प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय मीडिया को RAW का एजेंट बताया। बयान के दौरान उन्होंने गैर-मर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।

पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता और अंतर-सेवा जनसंपर्क (ISPR) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय मीडिया और सोशल मीडिया हैंडल्स पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारतीय पत्रकारों को सीधे तौर पर भारत की खुफिया एजेंसी RAW का एजेंट बता दिया।

प्रेस वार्ता के दौरान चौधरी ने कुछ स्क्रीनशॉट दिखाते हुए दावा किया कि भारत में पाकिस्तान के खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है और माहौल को भड़काने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान वे आपा खो बैठे और भाषा की मर्यादा लांघते हुए सड़कछाप संवाद पर उतर आए।

भारत-अफगानिस्तान गठजोड़ का दावा

ISPR प्रमुख ने कहा कि भारतीय मीडिया यह प्रचार कर रही है कि “दुश्मन का दुश्मन मेरा दोस्त होता है” और इसी आधार पर भारत और अफगानिस्तान पाकिस्तान के खिलाफ गठजोड़ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हिंदुस्तानी मीडिया कह रही है कि 2026 में भारत और अफगानिस्तान मिलकर पाकिस्तान पर हमला करेंगे। आ जाओ, तुम्हारा शौक पूरा कर देंगे। तब बताएंगे कि हमने क्या हश्र किया।”

गैर-मर्यादित बयान से बढ़ा विवाद

चौधरी शरीफ ने आरोप लगाया कि भारत अफगानिस्तान के साथ मिलकर पाकिस्तान पर हमले की साजिश रच रहा है और इससे निपटने के लिए पाकिस्तानी सेना और सरकार पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने गैर-मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, “दाएं से आओ, बाएं से आओ, ऊपर से या नीचे से, अकेले आओ या किसी के साथ—अगर एक बार मजा नहीं कराया तो पैसे वापस।”

इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता का जमकर मजाक भी उड़ाया जा रहा है।

अमेरिकी थिंक टैंक की रिपोर्ट

इसी बीच अमेरिका के प्रमुख थिंक टैंक काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस (CFR) ने अपनी रिपोर्ट ‘कॉन्फ्लिक्ट्स टू वॉच 2026’ में आशंका जताई है कि वर्ष 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर सशस्त्र संघर्ष हो सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों के कारण दोनों देशों के बीच टकराव की मध्यम संभावना है। साथ ही यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान का अफगानिस्तान के साथ भी टकराव हो सकता है।

इस घटनाक्रम के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

Share This Article