मुंबई महानगरपालिका (BMC) के बहुप्रतीक्षित चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, सियासी तापमान तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में 11 जनवरी को ऐतिहासिक शिवाजी पार्क मैदान पर मुंबई की राजनीति की सबसे बड़ी चुनावी सभा होने जा रही है, जहां उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) एक मंच साझा करेंगी।
बीएमसी चुनाव की पृष्ठभूमि में होने वाली इस संयुक्त सभा को ठाकरे बंधुओं का ‘महा-मिलन’ माना जा रहा है। मुंबई की सत्ता पर कब्जे की इस निर्णायक लड़ाई में राज और उद्धव सत्ता पक्ष पर कौन-सा नया सियासी शस्त्र चलाते हैं, इस पर पूरे महाराष्ट्र की निगाहें टिकी हुई हैं।
11 और 12 जनवरी तय करेंगे बीएमसी का ‘किंग’
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, 11 जनवरी की ठाकरे बंधुओं की सभा और उसके ठीक अगले दिन 12 जनवरी को संभावित महायुति की सभा बीएमसी चुनाव की दिशा और दशा तय कर सकती है।
12 जनवरी को फडणवीस-शिंदे का शक्ति प्रदर्शन!
सूत्रों के अनुसार, 12 जनवरी को शिवाजी पार्क में ही बीजेपी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और आरपीआई (आठवले) की महायुति की बड़ी सभा हो सकती है। माना जा रहा है कि इस सभा में महायुति, ठाकरे बंधुओं के एक दिन पहले किए गए हमलों पर सियासी पलटवार करेगी और अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी।
एकमात्र बड़ी सभा
गौरतलब है कि बीएमसी चुनाव के मद्देनज़र मुंबई में 11 जनवरी को होने वाली सभा ही प्रमुख सभा होगी। इससे पहले विक्रोली में प्रस्तावित सभा कुछ कारणों से नहीं हो सकी। बताया गया कि सोमवार को विक्रोली में निर्धारित सभा की जानकारी राज और उद्धव ठाकरे को समय पर नहीं मिल पाई थी।
BMC चुनाव प्रचार में उतरेंगे 244 वाहन
मुंबई मनपा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए 244 वाहनों को आरटीओ से अनुमति दी गई है। इन अनुमतियों से परिवहन विभाग को ₹4,68,500 का राजस्व प्राप्त हुआ है।
चुनाव प्रचार के लिए उम्मीदवारों ने ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और चार-पहिया वाहनों का उपयोग किया है। प्रचार में एलईडी स्क्रीन लगे वाहन, लाउडस्पीकर युक्त ऑटो और पारंपरिक प्रचार साधन देखने को मिल रहे हैं।
आरटीओ ने बनाए विशेष कक्ष
समयबद्ध अनुमति सुनिश्चित करने के लिए मुंबई के विभिन्न आरटीओ कार्यालयों में विशेष कक्ष बनाए गए थे।
- ऑटो-रिक्शा: ₹500 प्रति वाहन
- चार-पहिया वाहन: ₹2,000 प्रति वाहन
राजस्व के मामले में ताड़देव आरटीओ कार्यालय सबसे आगे रहा, उसके बाद वडाला और बोरीवली का स्थान रहा।
सियासी संदेश साफ
11 और 12 जनवरी को शिवाजी पार्क में होने वाली सभाएं न सिर्फ बीएमसी चुनाव बल्कि मुंबई की आने वाली राजनीतिक दिशा भी तय कर सकती हैं। ठाकरे बंधुओं का गठजोड़ और महायुति की जवाबी रणनीति—दोनों ही मुंबई की सत्ता की चाबी पाने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं।

