दिल्ली में पांच मंजिला इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत, दिलीप घोष बोले- केजरीवाल सरकार ने पहले क्यों नहीं कराई बिल्डिंग की जांच?
दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने भी हादसे पर दुख जताते हुए बिल्डिंग की सुरक्षा और पूर्व की दिल्ली सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।
दिल्ली हादसे पर दिलीप घोष ने जताया दुख
सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना पर दिलीप घोष ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि हॉस्टल गिरने से छात्रों के साथ ऐसी घटना हुई। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि बिल्डिंग किसने बनाई थी और छात्र उसमें क्यों रह रहे थे।
दिलीप घोष ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है और उन्हें विश्वास है कि सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी।
केजरीवाल सरकार पर क्यों उठाए सवाल?
अरविंद केजरीवाल की ओर से दिल्ली सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाए जाने पर दिलीप घोष ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में इस बिल्डिंग की जांच क्यों नहीं कराई गई और उस समय इसके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
दिलीप घोष ने कहा कि रेखा गुप्ता की सरकार को सत्ता में आए करीब डेढ़ साल हुआ है, जबकि यह इमारत लगभग 40 से 50 साल पुरानी बताई जा रही है। ऐसे में उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली में लंबे समय तक केजरीवाल की सरकार रहने के बावजूद बिल्डिंग की सुरक्षा की जांच क्यों नहीं कराई गई।
राहुल गांधी पर भी दिलीप घोष का निशाना
राहुल गांधी द्वारा सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे को लेकर सवाल उठाए जाने पर भी दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सवाल उठाते हैं, लेकिन उनके पास इन सवालों के जवाब नहीं हैं।
दिलीप घोष ने कर्नाटक में छात्रों के गौशाला में रहने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका जवाब राहुल गांधी के पास नहीं है।
हुमायूं कबीर पर हमले को लेकर क्या बोले?
हुमायूं कबीर पर हुए हमले को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि क्या बीजेपी के पास कोई और काम नहीं है कि वह जाकर अंडे फेंके। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए बीजेपी की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिन्होंने ऐसा किया है, उन्हें अपने किए का नतीजा भुगतना होगा। दिलीप घोष ने यह भी कहा कि आज जिसके साथ भी ऐसा हो रहा है, उसे अपना इतिहास देखना चाहिए और उसे अपने सवालों के जवाब मिल जाएंगे।
सत्य निकेतन हादसे में 6 लोगों की मौत
बता दें कि रविवार दोपहर दिल्ली के सत्य निकेतन की एक तंग गली में बनी पांच मंजिला इमारत अचानक गिर गई थी। इस इमारत में लड़कों का हॉस्टल संचालित हो रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 40 से 50 साल पुरानी इस इमारत में पीजी हॉस्टल चल रहा था। हादसे में दिल्ली एम्स ने आधिकारिक तौर पर 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत गिर गई और कई लोग मलबे में फंस गए। घटना के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
हरिराम बंसल के खिलाफ लुकआउट नोटिस
दिल्ली पुलिस ने मामले में बहुमंजिला इमारत के मालिक हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ साउथ कैंपस थाने में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, हादसे से पहले इमारत में पीजी हॉस्टल संचालित किया जा रहा था।
दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। पुलिस उसकी तलाश में गुरुग्राम समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की जांच के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि पुरानी इमारत में हॉस्टल संचालन और मरम्मत का काम किन परिस्थितियों में किया जा रहा था।

