मुंबई।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद से उनके परिवार और फैंस गहरे शोक में हैं। 24 नवंबर को उनके निधन की खबर ने पूरे फिल्म जगत को झकझोर कर रख दिया था। हेमा मालिनी, सनी देओल और बॉबी देओल अब तक कई प्रेयर मीट आयोजित कर चुके हैं। करीब एक महीने बाद अब धर्मेंद्र को उनके सिनेमाई योगदान के लिए एक खास ट्रिब्यूट दिया जा रहा है।
यमला पगला दीवाना होगी री-रिलीज
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, धर्मेंद्र की सुपरहिट फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। यह री-रिलीज धर्मेंद्र के शानदार फिल्मी करियर और दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता को सम्मान देने के उद्देश्य से की जा रही है।
2011 में रही थी सुपरहिट
साल 2011 में रिलीज हुई यमला पगला दीवाना को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। फिल्म में धर्मेंद्र के साथ उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल नजर आए थे। यह एक फुल-ऑन फैमिली एंटरटेनर फिल्म रही है, जिसे टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी बार-बार देखा जाता है।
रिलीज डेट में हुआ बदलाव
पहले इस फिल्म को 19 दिसंबर को री-रिलीज करने की योजना थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक मौजूदा फिल्मों की भीड़, खासकर ‘धुरंधर’ की मजबूत मौजूदगी के चलते मेकर्स ने रिलीज टालने का फैसला किया। अब फिल्म को 1 जनवरी 2026 को रिलीज करने की तैयारी है। हालांकि, अंतिम तारीख पर आधिकारिक मुहर जल्द लगाई जाएगी।
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
धर्मेंद्र आखिरी बार फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आने वाले थे, लेकिन फिल्म की रिलीज से पहले ही उनका निधन हो गया। इक्कीस 25 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं।
धर्मेंद्र, जिन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाता था, अपनी दमदार अदाकारी और सादगी भरे व्यक्तित्व के कारण हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

