मुंबई।
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म के दमदार सीन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन इसी बीच एक नई बहस ने भी जोर पकड़ लिया है। फिल्म में रणवीर सिंह की हीरोइन बनीं सारा अर्जुन उनसे करीब 20 साल छोटी हैं, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
अब इस पूरे विवाद पर फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने खुलकर अपनी बात रखी है और उम्र के इस अंतर के पीछे की असली वजह बताई है।
कहानी की मांग थी उम्र का अंतर
फ्री प्रेस जर्नल से बातचीत में मुकेश छाबड़ा ने कहा,
“मुझे स्क्रिप्ट के समय ही साफ तौर पर बता दिया गया था कि फिल्म में रणवीर का किरदार सारा के किरदार को फंसाने की कोशिश करता है। इसके लिए 20–21 साल की उम्र की लड़की की जरूरत थी। इसलिए यह कास्टिंग कहानी की डिमांड के हिसाब से की गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि इंडस्ट्री में 26–27 साल की कई बेहतरीन एक्ट्रेसेज मौजूद हैं, लेकिन धुरंधर के लिए उम्र का यह अंतर जरूरी था।
दूसरे पार्ट में मिलेगा जवाब
मुकेश छाबड़ा ने यह भी संकेत दिया कि जो लोग उम्र के अंतर पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें फिल्म के दूसरे पार्ट में इसका जवाब मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि हर चीज दर्शकों को पहले से समझाना संभव नहीं होता और फिल्म के लिए यही फैसला सही था।
रणवीर सिंह और सारा अर्जुन की उम्र
- रणवीर सिंह का जन्म: 6 जुलाई 1985
- सारा अर्जुन का जन्म: 18 जून 2005
- उम्र का अंतर: 20 साल
सारा अर्जुन का करियर
सारा अर्जुन एक जानी-मानी चाइल्ड आर्टिस्ट रह चुकी हैं। उन्होंने 2011 में तमिल फिल्म ‘देइवा थिरुमगल’ से पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने पोन्नियिन सेल्वन में ऐश्वर्या राय के बचपन का किरदार निभाया। अब वह रणवीर सिंह के साथ धुरंधर में अहम भूमिका में नजर आ रही हैं।
चर्चा में क्यों है धुरंधर?
फिल्म की कहानी, दमदार अभिनय और अब कास्टिंग को लेकर हो रही बहस ने इसे सोशल मीडिया पर और ज्यादा सुर्खियों में ला दिया है।

