नेटफ्लिक्स पर छाई रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बनी

Thecity news
3 Min Read

नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ करते हुए इसे दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बताया। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने थिएटर के बाद ओटीटी पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय कंटेंट की वैश्विक लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाने के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी जबरदस्त सफलता हासिल की है। अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और संजय दत्त जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।

हाल ही में नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने फिल्म की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि ‘धुरंधर’ नेटफ्लिक्स पर दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है।

नेटफ्लिक्स पर बना नया रिकॉर्ड

एक बातचीत के दौरान टेड सारंडोस से पूछा गया कि क्या भारतीय फिल्में और वेब सीरीज अब Squid Game और Money Heist जैसी वैश्विक पहचान बना रही हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ ने नेटफ्लिक्स पर सभी नॉन-इंग्लिश फिल्मों में सबसे ज्यादा व्यूअरशिप हासिल की। उन्होंने बताया कि इसे देखने के मामले में केवल अमेरिका और ब्रिटेन ही आगे रहे।

सारंडोस ने कहा कि लोग अक्सर पूछते हैं कि भारत से Squid Game जैसा ग्लोबल कल्चरल फेनोमेना कब आएगा, लेकिन उनका मानना है कि भारत लगातार ऐसा कंटेंट बना रहा है, जो पूरी दुनिया में पसंद किया जा रहा है। उनके अनुसार, भारतीय फिल्मों में वैश्विक दर्शकों को प्रभावित करने की पूरी क्षमता है।

हर हफ्ते ग्लोबल टॉप-10 में भारतीय कंटेंट

टेड सारंडोस ने बताया कि 2024 से अब तक हर सप्ताह नेटफ्लिक्स के ग्लोबल टॉप-10 में भारत की कोई न कोई फिल्म या वेब सीरीज शामिल रही है। उन्होंने इसका श्रेय नेटफ्लिक्स के रिकमेंडेशन एल्गोरिद्म को दिया, जो दर्शकों तक नया और पसंदीदा कंटेंट पहुंचाने में मदद करता है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस साल दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर भारतीय कंटेंट को 3.5 अरब घंटे तक देखा गया, जो भारतीय फिल्मों और सीरीज की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।

थिएटर से ओटीटी तक रही शानदार सफलता

‘धुरंधर’ का पहला भाग दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था, जबकि दूसरा भाग मार्च 2026 में आया। थिएटर रन पूरा होने के बाद फिल्म नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार पर रिलीज की गई।

करीब 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 1,800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया और अब ओटीटी पर भी नया इतिहास रच दिया है।

Share This Article