सीबीआई का दावा- बीजेपी कार्यकर्ता ने दी थी सुपारी, चुनाव नतीजों के दो दिन बाद हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में दो बीजेपी कार्यकर्ता सागर सोनकर और उनके भाई साहिब सोनकर का भी नाम शामिल है, जो चंद्रनाथ रथ के दफ्तर में काम करते थे।
सीबीआई की जांच में दावा किया गया है कि सागर सोनकर ने ही उत्तर प्रदेश के शूटरों को हत्या की सुपारी दी थी। चंद्रनाथ रथ की 6 मई को मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद हुई थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे और भबानीपुर सीट से उनके चुनाव अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सीबीआई का कहना है कि हत्या की साजिश दिसंबर 2025 से रची जा रही थी, लेकिन विभिन्न कारणों से वारदात की तारीख टलती रही।
जांच में यह भी सामने आया कि सागर सोनकर वर्ष 2020 तक एक विपक्षी पार्टी के विधायक के यहां कार्यरत थे। बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए। सीबीआई अब इस मामले में राज्य की एक प्रतिद्वंद्वी पार्टी के एक पदाधिकारी की कथित भूमिका की भी जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सागर सोनकर ने शूटरों को हत्या के लिए पैसे उपलब्ध कराए और सुपारी दी। इस मामले में अब तक छह कथित शूटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्या और नवीन कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा बिचौलिए विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार, सागर सोनकर पर हत्या की पूरी साजिश रचने और वित्तीय व्यवस्था करने का आरोप है, जबकि उनके भाई साहिब सोनकर पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। विनय राय को सुपारी लेने वाला बिचौलिया, संजय राय को वारदात की लॉजिस्टिक व्यवस्था संभालने वाला और विकास मिश्रा को मुख्य साजिशकर्ताओं तथा बाहरी शूटरों के बीच की कड़ी बताया गया है।
चार्जशीट में राज सिंह उर्फ राज कुमार सिंह को मुख्य शूटर बताया गया है, जिसे राज्य की सीमा पार से गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला पहले पश्चिम बंगाल पुलिस के पास था, लेकिन बाद में राज्य सरकार के अनुरोध पर इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई। चुनाव परिणामों के तुरंत बाद हुई इस हत्या ने राज्य की राजनीति में व्यापक हलचल मचा दी थी।

