गोवा में बीजेपी सरकार को घेरने की तैयारी, कॉकरोच जनता पार्टी ने बताया अपना अगला कदम

Thecity news
3 Min Read

सीजेपी ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है, लेकिन धारा 39ए के खिलाफ अभियान चलाकर सरकार से सवाल पूछने की बात कही है।

गोवा में विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी पार्टी अब गोवा छोड़कर नहीं जाएगी, बल्कि राज्य में रहकर प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी और सरकार से सवाल पूछेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सीजेपी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी, हालांकि पार्टी चुनाव नहीं लड़ेगी।

धारा 39ए को हटाना पार्टी की प्राथमिकता

अभिजीत दीपके ने कहा कि वह चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि युवाओं का साथ देने के लिए गोवा आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की प्राथमिकता गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम की धारा 39ए को हटवाना है।

सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने भी कहा कि पार्टी लंबे समय तक गोवा में रहकर काम करेगी। उनके मुताबिक, देश का भविष्य युवा हैं, न कि कोई 75 साल का महामानव।

क्या है धारा 39ए का विवाद?

गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम, 1974 में वर्ष 2024 में संशोधन करके धारा 39ए जोड़ी गई थी। इसके तहत बोर्ड की मंजूरी के बाद किसी भूखंड का जोन बदला जा सकता है। इस प्रक्रिया में जनता से आपत्तियां मांगी जाती हैं और आपत्ति दर्ज कराने के लिए केवल 30 दिन का समय दिया जाता है।

स्थानीय लोग इस प्रावधान को हटाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है और उद्योगपतियों व प्रभावशाली लोगों के हितों को बढ़ावा मिल सकता है। उनका कहना है कि इस प्रावधान के कारण कृषि योग्य और वन भूमि का इस्तेमाल निर्माण या शहरी विकास के लिए भी किया जा सकता है।

‘गोवा में लंबा खेल चलेगा’, रांका का बयान

आशुतोष रांका ने कहा कि एक आंदोलन ने अलग-अलग लोगों को एक मंच पर ला दिया। उन्होंने बताया कि सीजेपी के सदस्य दिवाली के दौरान परिवारों के साथ समय बिताने के लिए कुछ समय तक सक्रिय नहीं थे, लेकिन अब पार्टी फिर से गोवा में अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।

रांका ने कहा कि सीजेपी लंबे समय के लिए गोवा आई है और उसके सदस्य पीछे हटने वाले नहीं हैं। वहीं, अभिजीत दीपके ने कहा कि पार्टी गोवा की पहचान और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने दोहराया कि सीजेपी के घोषणापत्र में धारा 39ए के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता दी जाएगी।

दीपके ने आरोप लगाया कि गोवा की संस्कृति को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article