नागपुर पहुंची टीम इंडिया, पहले T20 से पहले एयरपोर्ट पर दिखा क्रिकेट का क्रेज; टिकट बिक्री में 10 सेकंड में लाखों की वेटिंग

Thecity news
3 Min Read

21 जनवरी को नागपुर में खेले जाने वाले साल के पहले अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों का शहर में पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार शाम से टीम इंडिया के सितारे अलग-अलग शहरों से हवाई मार्ग द्वारा नागपुर पहुंचे। इस दौरान डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर क्रिकेट प्रशंसकों की भारी भीड़ देखने को मिली।

शाम करीब 6 बजे सबसे पहले रवि बिश्नोई नागपुर पहुंचे। इसके बाद रिंकू सिंह, संजू सैमसन और ईशान किशन का आगमन हुआ। रात 10 बजे के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंडया, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल नागपुर पहुंचे। हालांकि इस दौरान वरुण चक्रवर्ती नजर नहीं आए। सभी खिलाड़ी रविवार शाम को जामठा स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। बाकी बचे खिलाड़ी और न्यूजीलैंड की टीम 19 जनवरी को नागपुर पहुंचेगी।

⚡ पलक झपकते ही लाखों की वेटिंग

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले पहले टी20 मुकाबले को लेकर नागपुर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शनिवार सुबह ठीक 10 बजे जैसे ही ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू हुई, महज 10 सेकंड में स्क्रीन पर लाखों की वेटिंग दिखाई देने लगी। टिकट बिक्री ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमाटो’ प्लेटफॉर्म पर शुरू हुई थी।

🎟️ 45 हजार की क्षमता, 2 लाख तक वेटिंग

45 हजार दर्शक क्षमता वाले विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम के लिए टिकट बुकिंग के दौरान 50 हजार से लेकर 2 लाख तक की वेटिंग देखने को मिली। कई प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्लेटफॉर्म की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठाए।

🚨 ब्लैक में टिकट बिकने की आशंका

टिकट चंद सेकंड में खत्म होने के बाद अब ब्लैक में टिकट बिकने की आशंका भी बढ़ गई है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर ऊंचे दामों पर टिकट उपलब्ध कराने के दावे सामने आ रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों ने प्रशासन से ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि नागपुर में खेले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को लेकर हमेशा जबरदस्त उत्साह रहता है। भारत-न्यूजीलैंड जैसी हाई वोल्टेज सीरीज के पहले मुकाबले में जामठा स्टेडियम खचाखच भरा नजर आ सकता है।

Share This Article