सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2020 से अब तक 9 लाख से अधिक भारतीयों ने नागरिकता त्याग दी है। शिक्षा, नौकरी, पर्यावरण और निवेश के जरिए नागरिकता प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
भारत में नागरिकता त्यागने का बढ़ता चलन
भारत की नागरिकता छोड़ने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार द्वारा संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, बीते 5 वर्षों में लगभग 10 लाख भारतीयों ने अपनी नागरिकता त्याग दी है, जबकि 2020 से अब तक यह आंकड़ा 9 लाख के पार पहुंच चुका है। औसतन हर साल 2 लाख से अधिक भारतीय विदेशी नागरिकता अपना रहे हैं।
आंकड़े क्या कहते हैं?
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2011 से 2024 के बीच 20 लाख से अधिक भारतीयों ने नागरिकता छोड़ी। इनमें से लगभग आधे लोगों ने पिछले 5 वर्षों में ही यह कदम उठाया।
2011 से 2021 तक नागरिकता छोड़ने वालों की संख्या सालाना 1.2 लाख से 1.45 लाख के बीच रही, लेकिन 2022 के बाद इसमें तेज़ उछाल आया और यह संख्या 2 लाख से अधिक प्रति वर्ष हो गई।
सरकार ने क्या कारण बताए?
लोकसभा में विदेश मंत्रालय ने बताया कि नागरिकता त्यागने के कारण व्यक्तिगत होते हैं और कई लोग व्यक्तिगत सुविधा के चलते विदेशी नागरिकता चुनते हैं। मंत्रालय के अनुसार, भारत वैश्विक कार्यस्थल और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के महत्व को समझता है।
क्या दोहरी नागरिकता न होना है बड़ी वजह?
भारत में दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं है। ऐसे में विदेशों में लंबे समय से काम कर रहे भारतीयों को वहां पूर्ण नागरिक अधिकार और व्यावसायिक लाभ पाने के लिए भारतीय नागरिकता छोड़नी पड़ती है। यही वजह कई लोगों को यह कठिन फैसला लेने पर मजबूर करती है।
पढ़ाई के लिए गए युवा विदेश में ही बस रहे
नागरिकता त्यागने वालों में बड़ी संख्या उन लोगों की है जो उच्च शिक्षा के लिए विदेश गए थे। इंजीनियरिंग, चिकित्सा, प्रबंधन और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में डिग्री लेने के बाद उन्हें वहीं नौकरी, स्थायी निवास और अंततः नागरिकता मिल जाती है।
हवा-पानी की गुणवत्ता भी कारण
दिल्ली सहित कई भारतीय शहरों में AQI गंभीर स्तर पर पहुंच जाता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ते हैं। साथ ही पानी की गुणवत्ता भी बड़ी समस्या है। CPCB के आंकड़े बताते हैं कि शहरी भूजल में प्रदूषक तत्व सुरक्षित सीमा से अधिक हैं, जो पलायन की अहम वजह बन रहे हैं।
निवेश के जरिए नागरिकता खरीदने का चलन
हाल के वर्षों में कई देशों ने Investment Migration Programs शुरू किए हैं। संपन्न भारतीय इन योजनाओं के तहत निवेश कर नागरिकता या दीर्घकालिक निवास प्राप्त कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल 1.42 लाख उच्च संपत्ति वाले लोग नई नागरिकता या निवास के विकल्प तलाश रहे हैं।
भारत के लिए कितनी बड़ी चिंता?
रिपोर्टों के अनुसार, IIT से पढ़े लगभग एक-तिहाई इंजीनियर और करीब 75,000 भारतीय डॉक्टर विदेशों में काम कर रहे हैं। इससे भारत को स्वास्थ्य, अनुसंधान और अकादमिक नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक नुकसान हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि कुशल पेशेवरों को बनाए रखने के लिए नीतिगत बदलाव ज़रूरी हैं।

