दिल्ली प्रदूषण पर सियासत तेज, प्रवेश वर्मा का AAP पर हमला— बोले: 11 साल में कुछ नहीं किया
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर राजनीति गरमा गई है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने AAP सरकार पर 11 साल में कोई काम न करने का आरोप लगाया और लंबी लिस्ट गिनाई।
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर बढ़ी राजनीतिक बयानबाज़ी
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया है कि पिछली आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने प्रदूषण से जुड़े किसी भी काम को गंभीरता से पूरा नहीं किया, जिसकी वजह से मौजूदा सरकार को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।
प्रवेश वर्मा का AAP पर बड़ा आरोप
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन कार्यों की लंबी सूची पेश की, जिन्हें उनके मुताबिक पिछली सरकार को पूरा करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अगर AAP सरकार ने इनमें से आधे काम भी किए होते, तो आज स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।
“11 साल में AAP ने कुछ नहीं किया”
प्रवेश वर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने:
- कचरे के ढेर हटाने
- पार्कों के निर्माण
- फुटपाथों की मरम्मत
- ई-कचरा प्रबंधन
- यमुना नदी की सफाई
- सीवेज ट्रीटमेंट
- सड़कों की नियमित सफाई
- प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन
जैसे अहम मुद्दों पर कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और AAP सरकार ने 11 वर्षों में एक भी बड़ा काम पूरा नहीं किया।
प्रदूषण लंबे समय से समस्या— प्रवेश
प्रवेश वर्मा ने कहा कि प्रदूषण एक साल में पैदा हुई समस्या नहीं है, बल्कि यह वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार पिछले 9 महीनों से सक्रिय रूप से सड़कों पर काम कर रही है और 20 फरवरी 2025 से मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री मैदान में हैं।
प्रवेश के संबोधन की बड़ी बातें
- केजरीवाल और AAP ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया
- प्रदूषण 4–6 महीनों में खत्म नहीं होगा, लेकिन हर साल घटेगा
- जनता पर सख्त नियम थोपने के पक्ष में नहीं
- 9 महीनों में PWD की सड़कों पर 65,000 गड्ढे भरे गए
- पिछली सरकार में टूटी सड़कें और नाले वर्षों तक नहीं बने
आज से दिल्ली में सख्त पाबंदियां लागू
दिल्ली में खतरनाक वायु गुणवत्ता को देखते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं।
- BS-6 से नीचे के बाहरी वाहनों पर प्रतिबंध
- वैध PUC नहीं होने पर पेट्रोल-डीजल बंद
- स्कूलों में ऑनलाइन क्लास
- निर्माण कार्यों पर रोक
- कार्यालयों में 50% कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम

