कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने देवराज उर्स का रिकॉर्ड तोड़ते हुए राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बनने का इतिहास रचा है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को राज्य के राजनीतिक इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया। वे कन्नड़ राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड दिवंगत कांग्रेस नेता देवराज उर्स के नाम था।
सिद्धारमैया ने दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालते हुए यह उपलब्धि हासिल की है, जिसे कर्नाटक की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।
देवराज उर्स का रिकॉर्ड
देवराज उर्स कर्नाटक के 5वें मुख्यमंत्री थे और उन्हें सामाजिक न्याय व भूमि सुधारों के लिए जाना जाता है।
- मार्च 1972 से दिसंबर 1977 तक: 5 साल 286 दिन
- फरवरी 1978 से जनवरी 1980 तक: 1 साल 318 दिन
इस तरह उर्स ने अपने दोनों कार्यकाल में कुल 2,792 दिन मुख्यमंत्री पद संभाला था।
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने 6 जनवरी को उर्स के इस रिकॉर्ड की बराबरी की और अगले ही दिन उसे पीछे छोड़ दिया।
5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले इकलौते मुख्यमंत्री
कर्नाटक के इतिहास में अब तक 19 मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इनमें देवराज उर्स के बाद 77 वर्षीय सिद्धारमैया एकमात्र ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने अपना पूरा 5 साल का कार्यकाल पूरा किया है।
- सिद्धारमैया का पहला कार्यकाल: मई 2013 से 2018 तक
- कुल अवधि: 1,829 दिन (5 साल 4 दिन)
कांग्रेस के एस निजलिंगप्पा और जनता पार्टी के रामकृष्ण हेगड़े भी पांच साल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उनका कार्यकाल बीच में बाधित रहा था।
कुर्सी को लेकर पार्टी के भीतर जंग
यह रिकॉर्ड ऐसे समय बना है, जब कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर अंदरूनी खींचतान चल रही है।
2023 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद यह चर्चा थी कि ढाई साल सिद्धारमैया और ढाई साल डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री रहेंगे। हालांकि, सिद्धारमैया इस फार्मूले के खिलाफ रहे हैं।
हाल के दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल तेज हुई थी, लेकिन सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की मुलाकात के बाद फिलहाल मामला शांत हो गया है।
इस बीच सिद्धारमैया का यह रिकॉर्ड कर्नाटक की राजनीति में उनकी मजबूत स्थिति को दर्शाता है।

