मुंबई।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों की बिक्री में कथित घोटाले, टेंडरों में कमीशनखोरी और समृद्धि-शक्तिपीठ महामार्ग जैसे भ्रष्टाचार से कमाया गया पैसा अब कम पड़ने लगा है। इसी वजह से सत्ता से जुड़े लोग अब नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के जरिए काला धन जुटाने में लगे हैं।
सपकाल ने आरोप लगाया कि राज्य में ड्रग्स के कारखाने शुरू कर युवा पीढ़ी को नशे की दलदल में धकेला जा रहा है, ताकि नगरपालिका चुनावों में इसी काले धन का इस्तेमाल किया जा सके। उन्होंने इसे महाराष्ट्र को ‘उड़ता महाराष्ट्र’ बनाने की घिनौनी साजिश बताया।
शिंदे के गांव के पास ड्रग्स फैक्ट्री का दावा
सोमवार को मुंबई के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार परिषद में सपकाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सातारा जिले के दरे गांव स्थित घर से कुछ ही दूरी पर नशीले पदार्थों का उत्पादन करने वाला कारखाना चल रहा था। इस मामले में दोनों उपमुख्यमंत्रियों—एकनाथ शिंदे और अजित पवार—के करीबी लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि इस प्रकरण में पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया, जबकि बंगाली और बांग्लादेशी मजदूरों को गिरफ्तार कर मुख्य सरगनाओं को बचाने की कोशिश की गई।
उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा—
- पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के मजदूर इतनी दुर्गम जगह पर किसकी मदद से पहुंचे?
- जिस इमारत में ड्रग्स का उत्पादन हो रहा था, उसके मालिक से ओंकार दिधे ने एकनाथ शिंदे की पार्टी के नगरसेवक प्रकाश शिंदे के काम के लिए जगह क्यों मांगी?
- ओंकार दिधे को ड्रग्स निर्माण स्थल पर हिरासत में लेने के बाद किसके दबाव में छोड़ा गया?
- ओंकार दिधे कब से सावली गांव में रह रहा है और उसे वहां कौन लेकर आया?
- वहां काम कर रहे करीब 40 मजदूरों को भगाने में किसने मदद की?
सरकार पर सीधा हमला
सपकाल ने कहा कि जब तक इन सवालों के जवाब नहीं मिलते, तब तक यह स्पष्ट है कि ड्रग्स कारोबार के जरिए चुनावी फंडिंग की जा रही है और सत्ता के संरक्षण में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

