Manoj Tiwari House Theft: भाजपा सांसद के मुंबई घर में चोरी, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

Thecity news
3 Min Read

दिल्ली के उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद और मशहूर गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में चोरी का मामला सामने आया है। अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में बने उनके फ्लैट से चोर ने करीब ₹5.40 लाख की नकदी उड़ा ली।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सांसद के मैनेजर ने दर्ज कराई शिकायत

अंबोली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मनोज तिवारी के पिछले 20 वर्षों से मैनेजर के तौर पर काम कर रहे प्रमोद जोगेंद्र पांडे ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में की है। वह मनोज तिवारी का पूर्व कर्मचारी था, जिसे करीब 2 साल पहले अनियमितताओं के चलते नौकरी से निकाल दिया गया था।

पहले भी कर चुका था चोरी

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने इससे पहले जून 2025 में भी सांसद तिवारी के घर की अलमारी से ₹4.40 लाख की नकदी चुराई थी। उस समय चोरी का खुलासा नहीं हो सका था।

इस घटना के बाद दिसंबर 2025 में मनोज तिवारी के घर में CCTV कैमरे लगाए गए थे।

CCTV से हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे रिकॉर्ड हुए CCTV फुटेज में आरोपी चोरी करते हुए साफ नजर आया। फुटेज में देखा गया कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं, जिनकी मदद से उसने चोरी को अंजाम दिया।

उस रात आरोपी ने करीब ₹1 लाख की नकदी चुराई थी, लेकिन इस बार वह बच नहीं सका। CCTV फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले और कितनी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

Share This Article