मुंबई में एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है, जहां मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर उगाही करने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फर्जी लेटर के जरिए 4 लाख रुपये मांगने का मामला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरेगांव निवासी तौसीफ हुसैन और सिद्धिनाथ पांडे के रूप में हुई है, जो ‘टारगेट मीडिया’ नाम की विज्ञापन एजेंसी से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों ने एक एनजीओ संचालक से 4 लाख रुपये की मांग की थी।
PM के नाम पर जन्मदिन बधाई पत्र का झांसा
आरोपियों ने खुद को पत्रकार बताते हुए पीड़िता से संपर्क किया और दावा किया कि वे प्रधानमंत्री कार्यालय से उनके सामाजिक कार्यों के लिए प्रशंसा और जन्मदिन की बधाई का पत्र दिला सकते हैं। इसके बदले में ‘पब्लिक रिलेशन चार्ज’ के नाम पर मोटी रकम मांगी गई।
जांच में खुली फर्जीवाड़े की पोल
पीड़िता को शक होने पर जब पत्र की जांच की गई, तो वह पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बावजूद आरोपियों ने दबाव बनाना जारी रखा और पीड़िता के नाम से एक नकली ईमेल आईडी भी बना दी।
होटल में रंगे हाथों गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। वीसी फेस के एक होटल में जैसे ही आरोपी रकम लेने पहुंचे, उन्हें डमी नोटों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
मोबाइल, फर्जी दस्तावेज और खिलौना नोट बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी पत्र, मोबाइल फोन और खिलौने वाले नोटों के बंडल बरामद किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
बड़े गिरोह की जांच जारी
मामले की जांच कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर अरुण थोरात यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या इस गिरोह ने अन्य सरकारी अधिकारियों के नाम पर भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया है।

