सीकर के शिक्षक ने सबसे पहले NTA, CBI और शिक्षा मंत्रालय को भेजी शिकायत
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के कथित पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। राजस्थान के सीकर में पढ़ाने वाले केमिस्ट्री टीचर शशिकांत सुथार ने दावा किया है कि उन्होंने ही सबसे पहले परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), CBI और शिक्षा मंत्रालय को दी थी। उनकी एक ईमेल ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया, जिसके बाद 22 लाख से अधिक छात्रों से जुड़ी परीक्षा को रद्द करना पड़ा।
परीक्षा खत्म होने के बाद वायरल PDF से हुआ शक
शशिकांत सुथार ने समाचार एजेंसियों ANI और PTI को बताया कि 3 मई की शाम परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्होंने NEET प्रश्नपत्र का विश्लेषण किया। इसी दौरान उनके मकान मालिक ने उन्हें एक वायरल “गेस पेपर” PDF दिखाई और पूछा कि क्या उसमें दिए गए प्रश्न असली परीक्षा से मेल खाते हैं।
सुथार के मुताबिक जब उन्होंने केमिस्ट्री सेक्शन की जांच की तो परीक्षा में पूछे गए सभी 45 सवाल हूबहू PDF में मौजूद थे। इसके बाद बायोलॉजी की दूसरी PDF की जांच की गई, जिसमें करीब 90 प्रश्न मैच हो गए।
उन्होंने कहा कि उसी समय उन्हें समझ आ गया कि मामला बेहद गंभीर है।
NTA और CBI को भेजे गए ईमेल
शशिकांत सुथार ने बताया कि उन्होंने अपने साथी शिक्षक की मदद से डिजिटल सबूत इकट्ठा किए और उसी रात प्रशासन को शिकायत दी। बाद में NTA, CBI और शिक्षा मंत्रालय को ईमेल भेजे गए।
उन्होंने कहा कि 7 मई को NTA को आधिकारिक ईमेल भेजा गया था और 8 मई की सुबह से ही NTA तथा CBI अधिकारियों के फोन और मैसेज आने लगे।
सुथार ने जांच एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तेजी से कार्रवाई की और कथित फर्जीवाड़े में शामिल लोगों का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने मांगे थे लिखित सबूत
टीवी इंटरव्यू में सुथार ने बताया कि वह उसी रात सीकर के उद्योग नगर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनसे लिखित शिकायत और सबूत मांगे। इसके बाद उन्होंने अगले चार दिनों तक वायरल PDF, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए।
“करीब 135 सवाल हुए थे लीक”
शशिकांत सुथार का दावा है कि कुल 180 प्रश्नों में से लगभग 135 सवाल लीक हुए थे। हालांकि उनके पास फिजिक्स पेपर से संबंधित कोई PDF या जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
CBT मोड पर भी उठाए सवाल
सुथार ने कहा कि अगले साल से NEET को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में कराने की चर्चा हो रही है, लेकिन यह तरीका भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता।
उन्होंने सुझाव दिया कि NEET परीक्षा को प्री और मेन्स दो चरणों में आयोजित किया जाना चाहिए ताकि अगर एक चरण में गड़बड़ी हो जाए तो दूसरा चरण निष्पक्षता सुनिश्चित कर सके।
सीकर का किया बचाव
सीकर को पेपर लीक का केंद्र बताए जाने वाली खबरों पर सुथार ने कहा कि अब तक वहां से कोई बड़ी गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही किसी की संलिप्तता साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि सीकर के शिक्षक और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र मेहनत के दम पर सफलता हासिल करते हैं, धांधली से नहीं। उनके अनुसार मामले के मुख्य आरोपी बाहरी राज्यों जैसे महाराष्ट्र, नासिक और गुरुग्राम से जुड़े बताए जा रहे हैं।
12 साल से पढ़ा रहे हैं छात्र
मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के नोहर निवासी शशिकांत सुथार वर्तमान में सीकर के गुरुकृपा कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री पढ़ाते हैं। वह खुद भी कोटा में NEET की तैयारी कर चुके हैं और पिछले 12 वर्षों से छात्रों को पढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत, भूख और नींद की कुर्बानी देखकर उन्होंने अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना यह कदम उठाया। इस दौरान उनके पिता और सब-इंस्पेक्टर भाई रविकांत सुथार ने उन्हें पूरा समर्थन दिया।

