बिहार में दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए इस वर्ष कुल 37,250 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। राज्य नोडल अधिकारी प्रो. संजय कुमार ने मंगलवार को सभी विश्वविद्यालयों में उपलब्ध सीटों का विवरण जारी किया। इस बार सबसे अधिक 6400 सीटें पाटलीपुत्र विश्वविद्यालय में उपलब्ध हैं, जबकि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में 6200 सीटों पर दाखिला होगा।
किन विश्वविद्यालयों में कितनी सीटें
राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में बीएड सीटों का बंटवारा इस प्रकार है-
- पाटलीपुत्र विश्वविद्यालय – 6400 सीटें
- बीआरए बिहार विश्वविद्यालय – 6200 सीटें
- मगध विश्वविद्यालय – 6000 सीटें
- ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय – 3750 सीटें
- मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय – 3200 सीटें
- आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय – 3000 सीटें
- वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय – 2500 सीटें
- तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय – 1600 सीटें
- जयप्रकाश विश्वविद्यालय – 1500 सीटें
- बीएन मंडल विश्वविद्यालय – 1250 सीटें
- पूर्णिया विश्वविद्यालय – 1100 सीटें
- मुंगेर विश्वविद्यालय – 500 सीटें
- पटना विश्वविद्यालय – 300 सीटें
- कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय – 100 सीटें
21 मई तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन
राज्य नोडल अधिकारी के अनुसार मंगलवार से विलंब शुल्क के साथ आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन 350 आवेदन प्राप्त हुए। अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के रूप में 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 मई निर्धारित की गई है।
बीएड प्रवेश परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित होगी, जबकि एडमिट कार्ड 1 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
8915 अभ्यर्थियों ने नहीं जमा की फीस
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए अब तक कुल 1 लाख 27 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 1 लाख 18 हजार 85 उम्मीदवारों ने ही आवेदन शुल्क जमा किया है, जबकि 8915 अभ्यर्थियों ने फीस भुगतान नहीं किया।
आवेदन करने वालों में 74,083 छात्राएं और 44,002 छात्र शामिल हैं।
शहरवार आवेदन की स्थिति
अब तक प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक आवेदन पटना और मुजफ्फरपुर से आए हैं।
- पटना – 35,115 आवेदन
- मुजफ्फरपुर – 17,165 आवेदन
- गया – 16,680 आवेदन
- दरभंगा – 11,892 आवेदन
- आरा – 7069 आवेदन
- भागलपुर – 6846 आवेदन
- हाजीपुर – 5127 आवेदन
- मुंगेर – 4840 आवेदन
- छपरा – 4642 आवेदन
- पूर्णिया – 4329 आवेदन
- मधेपुरा – 4175 आवेदन
परीक्षा केंद्रों पर लगेंगे बायोमेट्रिक और जैमर
बीएड प्रवेश परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीन और जैमर लगाए जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने टेंडर जारी कर दिया है। दोनों टेंडर 25 और 26 मई को खोले जाएंगे।

