‘बॉम्बे: अ ट्रू-ब्लू फिलिपिनो’ में रेमन डी. बागात्सिंग सीनियर के जीवन के जरिए भारत-फिलीपींस के पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की झलक मिलती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिलीपींस की राजधानी मनीला में एक खास किताब भेंट की गई। ‘बॉम्बे: अ ट्रू-ब्लू फिलिपिनो’ नाम की यह पुस्तक मनीला के पूर्व मेयर रेमन डी. बागात्सिंग सीनियर की जीवनी है, जिनकी पारिवारिक जड़ें भारत के पंजाब से जुड़ी थीं। पीएम मोदी ने इसे भारत और फिलीपींस के बीच गहरे मानवीय संबंधों की याद दिलाने वाली पुस्तक बताया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर किताब मिलने की जानकारी साझा की। उन्हें यह पुस्तक रेमन डी. बागात्सिंग सीनियर के बेटे रेमन एस. बागात्सिंग जूनियर और उनके परिवार के सदस्यों ने भेंट की। रेमन जूनियर भारत में फिलीपींस के राजदूत रह चुके हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि रेमन डी. बागात्सिंग का जीवन साहस, समर्पण और व्यापक जनसेवा की मिसाल है। उनके पिता पंजाब से थे। साधारण शुरुआत करने वाले बागात्सिंग ने जीवन में कई मुश्किलों का सामना किया। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भी उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना किया और आगे चलकर मनीला की प्रतिष्ठित सार्वजनिक हस्तियों में अपनी जगह बनाई।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, उनका असाधारण जीवन सफर भारत और फिलीपींस के बीच गहरे मानवीय और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।
आसियान समिट में शामिल होने मनीला पहुंचे हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस के दौरे पर हैं। वह राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला पहुंचे हैं। 17 नवंबर को वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष फिलीपींस आसियान की अध्यक्षता कर रहा है।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी। साथ ही 2026 से 2030 तक की आसियान-भारत कार्ययोजना, व्यापार, कनेक्टिविटी और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
वहीं, ईस्ट एशिया समिट में क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। भारत के लिए यह दौरा दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रणनीतिक और आर्थिक संबंध मजबूत करने के लिहाज से अहम है।

