टिहरी गढ़वाल में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सुबह करीब 4:30 बजे हादसा हुआ, बस में 30 से 35 लोग सवार थे और 20 घायल हुए हैं।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुलार बाजार के पास एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। बस में 30 से 35 लोग सवार थे और सभी ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहे थे।
बचाव अभियान जारी, 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया
जिला मजिस्ट्रेट के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। ब्यासी और ढालवाला से एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, थाना मुनिकीरेती, चौकी गुलार, चौकी शिवपुरी और चौकी ब्यासी समेत अन्य चौकियों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती घटनास्थल पर मौजूद रहे। उच्चाधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए।
बचाव दल ने 20 घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में हुई जनहानि और नुकसान की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसे में गई थी 6 लोगों की जान
इससे पहले उत्तराखंड के जोशीमठ में भी हेलीकॉप्टर दुर्घटना हुई थी। 30 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम से छह यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण चाई और थायंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई थी।

