महाराष्ट्र सरकार का बड़ा विजन, रायगढ़ बनेगा नया ग्रोथ इंजन
महाराष्ट्र सरकार ने अटल सेतु के पास उरण, पनवेल और पेण तालुका के 124 गांवों में फैले 323.44 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को विकसित कर ‘तीसरी मुंबई’ बनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस मेगा प्रोजेक्ट को देश के सबसे बड़े अर्बन और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मिशनों में से एक माना जा रहा है। अब इस महत्वाकांक्षी योजना को गति देने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 15,000 करोड़ रुपये की लागत से नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
130 किलोमीटर लंबा होगा 8-लेन हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित एक्सप्रेसवे लगभग 130 किलोमीटर लंबा और 8-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा। यह सीधे तीसरी मुंबई के केंद्र से होकर गुजरेगा और नवी मुंबई, जेएनपीटी पोर्ट और पुणे को तेज कनेक्टिविटी देगा।
रूट प्लान के अनुसार यह एक्सप्रेसवे रायगढ़ जिले के चौक से शुरू होकर जेएनपीटी-चौक हाईवे से जुड़ेगा। इसके बाद यह सह्याद्री की पहाड़ियों से गुजरते हुए आधुनिक टनल और एलिवेटेड फ्लाईओवर नेटवर्क के जरिए पुणे बाईपास पर भोर तालुका के शिवरे गांव तक पहुंचेगा।
डेटा सेंटर और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित होगी तीसरी मुंबई
राज्य सरकार ने तीसरी मुंबई को पॉल्यूशन-फ्री इंडस्ट्री, आईटी, आईटीईएस, डेटा सेंटर और वर्ल्ड-क्लास लॉजिस्टिक्स पार्क के हब के रूप में विकसित करने का फैसला किया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि नया एक्सप्रेसवे इस पूरे औद्योगिक इकोसिस्टम के लिए गेमचेंजर साबित होगा।
MMRDA ने अपने बजट में इस प्रोजेक्ट के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वहीं, ब्लैकस्टोन जैसे वैश्विक निवेशकों ने भी अरबों डॉलर निवेश की रुचि दिखाई है। इससे रायगढ़ और नवी मुंबई क्षेत्र में रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रियल एस्टेट मार्केट में आ सकता है बड़ा उछाल
नई सड़क कनेक्टिविटी का सबसे ज्यादा असर रियल एस्टेट सेक्टर पर देखने को मिल सकता है। प्रॉपर्टी एक्सपर्ट्स के अनुसार उल्वे, द्रोणागिरी, खारघर, पनवेल और चिरनेर-साई जैसे इलाकों में जमीन और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की कीमतों में आने वाले वर्षों में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है।
इन क्षेत्रों में पहले से ही बड़े हाउसिंग और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग चल रही है। एक्सप्रेसवे बनने के बाद निवेशकों और डेवलपर्स की दिलचस्पी और बढ़ने की संभावना है।
पुणे से नवी मुंबई एयरपोर्ट की दूरी होगी कम
इस एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा फायदा पुणे और नवी मुंबई के बीच यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगा। नया हाईवे बनने के बाद पुणे से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का सफर करीब 90 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
इसके अलावा पुणे के इंडस्ट्रियल बेल्ट से कार्गो और लॉजिस्टिक्स मूवमेंट भी तेज होगा, जिससे निर्यात और सप्लाई चेन सेक्टर को फायदा मिलेगा।
NHAI ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए आधिकारिक टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह एक्सप्रेसवे मौजूदा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का एक हाई-स्पीड पैरेलल कॉरिडोर होगा, जो भविष्य के ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद करेगा।
राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों इस प्रोजेक्ट को महाराष्ट्र के अगले बड़े आर्थिक विकास मॉडल के रूप में देख रही हैं।

