‘टॉक्सिक’ से सामने आया कियारा आडवाणी का फर्स्ट लुक, यश की पैन-इंडिया फिल्म में निभाएंगी दमदार किरदार

Thecity news
2 Min Read

आने वाले समय में कई पैन-इंडिया फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं, जिनमें कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ सबसे ज्यादा चर्चा में है। फिल्म से पहले यश का दमदार लुक सामने आ चुका है और अब दर्शकों को इसकी लीड हीरोइन कियारा आडवाणी की पहली झलक भी देखने को मिल गई है।

इस फिल्म में कियारा नादिया नाम की अहम भूमिका निभा रही हैं। जारी किए गए पोस्टर में उनका लुक बेहद अलग और रहस्यमयी नजर आ रहा है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। कियारा को आमतौर पर ग्लैमरस भूमिकाओं के लिए जाना जाता है, लेकिन ‘टॉक्सिक’ में वह एक बिल्कुल नए और गंभीर अंदाज में दिखाई देंगी।

फिल्म में नादिया का किरदार एक मजबूत, संवेदनशील और भावनात्मक महिला का है। पोस्टर में भले ही वह चमक-धमक वाले सर्कस के माहौल में नजर आती हैं, लेकिन उनके चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज से किरदार की गहराई और अंदरूनी संघर्ष साफ झलकता है। यह भूमिका केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं है, बल्कि कियारा के अभिनय के एक नए पहलू को सामने लाने वाली मानी जा रही है।

यह फिल्म कियारा आडवाणी के करियर के लिए भी एक अहम मोड़ साबित हो सकती है, क्योंकि वह पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास की रची हुई अनोखी और सशक्त सिनेमाई दुनिया का हिस्सा बन रही हैं। फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है।

गौरतलब है कि ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। यश और कियारा की जोड़ी, दमदार कहानी और अनोखी प्रस्तुति के चलते यह फिल्म पहले से ही पैन-इंडिया दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर चुकी है।

Share This Article