UltraTech Cement को 782.2 करोड़ रुपये का GST नोटिस, कंपनी जाएगी कोर्ट

Thecity news
2 Min Read

आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट को 782.2 करोड़ रुपये के सेवा एवं वस्तु कर (GST) भुगतान की मांग का नोटिस जारी किया गया है। कंपनी ने इस मांग को चुनौती देने के संकेत देते हुए कहा है कि वह इस मामले में न्यायालय की शरण लेने की तैयारी कर रही है।

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई एक नियामक फाइलिंग में बताया कि वह इस आदेश की समीक्षा कर रही है और अपने सभी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है। अल्ट्राटेक ने स्पष्ट किया है कि वह तथ्यों और कानून के आधार पर इस मांग का विरोध करेगी। यह मामला वित्त वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच कथित टैक्स चोरी से जुड़ा हुआ है।

नियामक फाइलिंग के अनुसार, यह GST मांग का आदेश केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क, पटना के संयुक्त आयुक्त द्वारा पारित किया गया है। विभाग ने आरोप लगाया है कि संबंधित अवधि के दौरान कंपनी ने GST का कम भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अनुचित उपयोग और उससे जुड़े अन्य उल्लंघन किए हैं।

कंपनी का कहना है कि यह आदेश उसकी ओर से प्रस्तुत की गई दलीलों और तथ्यों पर उचित विचार किए बिना पारित किया गया है। इसी आधार पर कंपनी इस आदेश को अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर रही है।

इस मांग आदेश में 390 करोड़ रुपये की कर देयता, इस पर 27.68 लाख रुपये का ब्याज, और 390 करोड़ रुपये का जुर्माना शामिल है। कुल मिलाकर यह राशि 782.2 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है।

अल्ट्राटेक सीमेंट ने यह भी कहा है कि उसे उम्मीद है कि इस GST मांग का उसके परिचालन या वित्तीय स्थिति पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा। गौरतलब है कि अल्ट्राटेक सीमेंट देश की सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता कंपनियों में से एक है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 20 करोड़ टन है।

Share This Article