पुलिस, वन, जेल, आबकारी और परिवहन विभाग में सीधी भर्ती होगी, उम्मीदवार 25 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने वर्दीधारी सिपाही समूह ‘ग’ के कुल 1,694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की विज्ञप्ति जारी की है। पुलिस, वन, कारागार, आबकारी और परिवहन समेत कई विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 25 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
किस विभाग में कितने पदों पर भर्ती?
सबसे ज्यादा रिक्तियां पुलिस विभाग में हैं। विभागवार पदों का विवरण इस प्रकार है:
- आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष): 464 पद
- आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष): 284 पद
- आरक्षी जनपदीय पुलिस (महिला): 238 पद
- फायरमैन (पुरुष/महिला): 201 पद
- वन आरक्षी: 171 पद
- स्पेशल टाइगर गार्ड: 75 पद
- पुरुष बंदीरक्षक: 117 पद
- महिला बंदीरक्षक: 27 पद
- सचिवालय रक्षक: 54 पद
- आबकारी सिपाही: 45 पद
- परिवहन आरक्षी: 18 पद
स्केलर के 200 पदों के लिए शारीरिक परीक्षा 23 नवंबर से
आयोग ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक माप-जोख और दक्षता परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है। यह परीक्षा 23 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि प्रत्येक उम्मीदवार की परीक्षा दो दिनों तक चलेगी।
4 अप्रैल 2027 को संभावित लिखित परीक्षा
वर्दीधारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक और शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) आयोजित की जाएगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को दूसरे चरण में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय ऑफलाइन लिखित परीक्षा देनी होगी।
लिखित परीक्षा की अनंतिम तारीख 4 अप्रैल 2027 तय की गई है। अंतिम मेरिट सूची तैयार करते समय शारीरिक दक्षता परीक्षा को 25 प्रतिशत और लिखित परीक्षा को 75 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर परीक्षा 20 दिसंबर को
यूकेएसएसएससी के अनुसार, उच्च न्यायालय के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय पदों पर भर्ती की नई विज्ञप्ति 30 नवंबर को जारी की जाएगी।

