वेस्टर्न कोलफील्ड्स की यह आंतरिक भर्ती केवल स्थायी कर्मचारियों के लिए है, आवेदन 17 नवंबर से शुरू हो चुके हैं।
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में काम कर रहे कर्मचारियों के लिए करियर में आगे बढ़ने का मौका है। कंपनी ने क्लर्क ग्रेड-III, स्टोर इश्यू क्लर्क ग्रेड-III और जूनियर डाटा एंट्री ऑपरेटर (टीएंडएस ग्रेड-E) के कुल 514 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह आंतरिक भर्ती है, इसलिए बाहरी उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकते।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
इस भर्ती अभियान के तहत कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 514 पद भरे जाएंगे। पदों का विवरण इस प्रकार है:
- क्लर्क ग्रेड-III: 422 पद
- जूनियर डाटा एंट्री ऑपरेटर: 48 पद
- स्टोर इश्यू क्लर्क ग्रेड-III: 44 पद
चयनित कर्मचारियों को एनसीडब्ल्यूए-XI के नियमों के अनुसार वेतनमान दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन? जानें योग्यता और शर्तें
इस भर्ती में आवेदन के लिए उम्मीदवारों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी।
- स्थायी कर्मचारी: केवल WCL के स्थायी कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। उन्हें 1 दिसंबर 2026 तक कंपनी में कम से कम तीन साल की सेवा पूरी करनी होगी।
- शैक्षणिक योग्यता: तीनों पदों के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है।
- टाइपिंग स्पीड: जूनियर डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है।
- कंप्यूटर दक्षता: क्लर्क पदों के लिए एमएस वर्ड, एक्सेल और पावरपॉइंट का ज्ञान आवश्यक है।
- एपीआर रेटिंग: ऑनलाइन एपीआर में कम से कम ‘गुड’ रेटिंग होना भी अनिवार्य है।
कैसे होगा चयन? जानें परीक्षा का पैटर्न
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। पहले चरण में 90 मिनट का ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव एप्टीट्यूड टेस्ट होगा। इसमें 100 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। जूनियर डीईओ पद के लिए यह परीक्षा कंप्यूटर एप्लीकेशन पर आधारित होगी।
इस परीक्षा में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 50 अंक और एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 40 अंक हासिल करने होंगे।
इसके बाद क्लर्क और स्टोर इश्यू क्लर्क पदों के लिए 30 मिनट का 10 अंकों का कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट होगा। इन पदों की मेरिट सूची में शैक्षणिक योग्यता के अंक भी जोड़े जाएंगे। इसके तहत 10वीं के लिए 3, 12वीं के लिए 5, ग्रेजुएशन के लिए 7 और पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए 10 अंक निर्धारित हैं।
वहीं, जूनियर डीईओ पद के लिए उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट पास करना होगा।
WCL भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन?
पात्र कर्मचारी WCL की आधिकारिक वेबसाइट westerncoal.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
- वेबसाइट पर जाकर ‘Careers’ सेक्शन खोलें।
- इसके बाद ‘Departmental Selection’ में जाकर संवर्धन पथ पोर्टल पर जाएं।
- अपने NEIS नंबर और मोबाइल ओटीपी के जरिए रजिस्ट्रेशन कर लॉग इन करें।
- आवेदन फॉर्म में जरूरी शैक्षणिक जानकारी भरें।
- पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और स्वप्रमाणित दस्तावेज अपलोड करें।
- सभी जानकारी जांचने के बाद 1 दिसंबर 2026 से पहले फॉर्म फाइनल सबमिट कर दें।

