महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से एक अत्यंत क्रूर और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर उसके हाथ-पैर बांधकर गठरी बनाकर पैनगंगा नदी के पात्र में फेंक दिया गया। कुछ दिन पुरानी, सड़ी-गली हालत में शव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उमरखेड तहसील के मुरली गांव के पास सहस्रकुंड झरने से सटी कोल्हापुरी नहर के किनारे मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
चरवाहे ने देखा पीली गठरी
सुबह के समय एक चरवाहे को नदी किनारे पीले रंग की गठरी दिखाई दी, जिससे उसे शक हुआ कि उसमें किसी व्यक्ति का शव हो सकता है। उसने इसकी सूचना मुरली गांव के पुलिस पाटील विठ्ठल राठोड को दी, जिन्होंने तुरंत बिटरगांव पुलिस थाने के प्रभारी पांडुरंग शिंदे को जानकारी दी।
बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या
सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी हनुमंतराव गायकवाड, थाना प्रभारी पांडुरंग शिंदे, बीट जमादार संतोष चव्हाण और पुसद से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
गठरी खोलने पर सामने आया कि मृतक को बेरहमी से पीटा गया, उसके बाद हाथ-पैर बांधकर शव को नदी में फेंका गया।
गंभीर चोटों के मिले निशान
फॉरेंसिक जांच में मृतक की आंखों, जबड़े और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पैरों पर भी मारपीट के स्पष्ट सबूत मिले।
मृतक का चेहरा प्लास्टिक की पन्नी से बांधा गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चेहरे पर चाकू से वार, जबड़ा टूटने और कई दांत टूटे होने के प्रमाण मिले हैं।
मौके पर ही हुआ पोस्टमार्टम
घटनास्थल पर ही फॉरेंसिक लैब टीम और सोनदाभी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप हांडे द्वारा शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) किया गया। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि शव करीब 8 दिन पुराना हो सकता है।
टी-शर्ट पर सांसद का नाम
पुलिस को शव से एक टी-शर्ट और फुल पैंट मिली है, जिस पर
“दमदार सांसद नागेश पाटील आष्टीकर” लिखा हुआ है।
हालांकि, शव की तलाशी में पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज या वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पहचान की कोशिश जारी
उपविभागीय पुलिस अधिकारी हनुमंतराव गायकवाड ने मराठवाड़ा क्षेत्र के इस्लामपुर, हिमायतनगर और हदगांव पुलिस थानों से संपर्क कर लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस को संदेह है कि मृतक मराठवाड़ा क्षेत्र का हो सकता है। मामले की आगे की जांच जारी है।

