महाराष्ट्र के बीड़ जिले से एक बड़े धोखाधड़ी और फर्जी ट्रस्ट स्कैम का खुलासा हुआ है। धार्मिक कार्यों के नाम पर लोगों से दान इकट्ठा कर करोड़ों रुपये हड़पने वाले गुलजार-ए-रझा ट्रस्ट का एटीएस ने पर्दाफाश किया है।
एटीएस की कार्रवाई में सामने आया है कि इस ट्रस्ट के जरिए कुल 4 करोड़ 73 लाख 67 हजार रुपये की ठगी की गई।
ATS की जांच में खुला फर्जीवाड़ा
एटीएस की छत्रपति संभाजीनगर इकाई बीड़ जिले में विभिन्न एनजीओ और ट्रस्टों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान गुलजार-ए-रझा ट्रस्ट की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
जांच में सामने आया कि ट्रस्ट अपनी वेबसाइट और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए धार्मिक उद्देश्यों के नाम पर दान एकत्र कर रहा था, जबकि उसका कोई वैध पंजीकरण नहीं था।
चार ट्रस्टियों के खिलाफ FIR
इस मामले में एटीएस ने माजलगांव ग्रामीण पुलिस स्टेशन में चार ट्रस्टियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
नामजद आरोपियों में—
- इग्रान कलीम शेख
- मुज्जमील नूर सैय्यद
- अहमदउद्दीन कैसर काझी
- तौफिक जावेद काझी
शामिल हैं।
फर्जी दस्तावेजों से खोले गए बैंक खाते
जांच में यह भी सामने आया कि ट्रस्ट ने एक्सिस बैंक की लातूर शाखा में कुल पांच बैंक खाते खोले थे।
इसके लिए आरोपियों ने वक्फ बोर्ड से जुड़ी अहिल्यानगर स्थित ‘फैजान-ए-कन्जुल इमान’ संस्था का फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर बताकर बैंक को गुमराह किया।
नीति आयोग पोर्टल पर भी फर्जी रजिस्ट्रेशन
एटीएस के अनुसार, नीति आयोग के दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण के दौरान भी इसी फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल किया गया था।
जांच में स्पष्ट हुआ कि गुलजार-ए-रझा ट्रस्ट का कोई वैध पंजीकरण अस्तित्व में ही नहीं था।
आगे की जांच जारी
जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस ट्रस्ट के माध्यम से और भी कई लोगों से दान के नाम पर रकम वसूली गई हो सकती है।
फिलहाल पुलिस और एटीएस मामले की गहन जांच कर रही हैं और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

