भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन हल्की बढ़त के साथ शुरुआत
भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन यानी शुक्रवार (22 मई) को मामूली तेजी देखने को मिली। दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले। सुबह सेंसेक्स 161 अंक या 0.21% की बढ़त के साथ 75,344 पर और निफ्टी 40 अंक या 0.17% की तेजी के साथ 23,697 पर कारोबार कर रहा था।
ऑटो सेक्टर ने बाजार को दी मजबूती
शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी का नेतृत्व ऑटो सेक्टर ने किया। निफ्टी ऑटो टॉप गेनर इंडेक्स रहा। इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, पीएसयू बैंक, कमोडिटीज, सर्विसेज, मेटल और इंडिया डिफेंस इंडेक्स भी हरे निशान में रहे।
हालांकि निफ्टी मीडिया, हेल्थकेयर, रियल्टी, आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली।
मिडकैप और स्मॉलकैप में मिला-जुला कारोबार
मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 68 अंक या 0.11% की तेजी के साथ 61,369 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 7 अंक या 0.04% की मामूली गिरावट के साथ 17,976 पर था।
बाजार में किन शेयरों ने बढ़त और गिरावट दिखाई
सेंसेक्स में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई, एनटीपीसी, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो जैसे शेयरों में तेजी रही।
वहीं पावर ग्रिड, आईटीसी, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, बीईएल और एचसीएल टेक जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों से मिला सकारात्मक संकेत
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी तेजी का माहौल रहा। टोक्यो, शंघाई, सोल, जकार्ता और बैंकॉक के बाजार हरे निशान में रहे। अमेरिकी बाजार भी गुरुवार को मजबूती के साथ बंद हुए, जहां डाउ जोन्स 0.55% और नैस्डैक 0.09% की बढ़त में रहा।
वैश्विक बाजारों में यह तेजी मुख्य रूप से ईरान की ओर से तनाव कम होने के संकेतों के कारण देखने को मिली।
FIIs की बिकवाली, DIIs की खरीदारी
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) गुरुवार को भी शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने 1,891.21 करोड़ रुपये की बिकवाली की। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,492.42 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सपोर्ट दिया।
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता का असर
ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थों के जरिए बातचीत जारी है। दोनों पक्ष संघर्ष समाप्त करने और औपचारिक समझौते की रूपरेखा तैयार करने के लिए संदेशों और ड्राफ्ट का आदान-प्रदान कर रहे हैं, जिससे वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है।

