बकरीद से पहले महाराष्ट्र में गौ तस्करों पर सख्ती, अवैध परिवहन करने वालों पर चलेगा बुलडोजर

Thecity news
3 Min Read

25 से 28 मई तक राज्यभर में चलेगा विशेष जांच अभियान, बॉर्डर चेक पोस्ट पर बढ़ाई जाएगी निगरानी

आगामी बकरीद के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने गौ तस्करी और अवैध पशु परिवहन के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला किया है। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने साफ चेतावनी दी है कि गायों की तस्करी, अवैध परिवहन और हत्या किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ियों को सीज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर परिवहन विभाग ने पूरे राज्य में 25 मई से 28 मई तक विशेष जांच अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत सभी विभागीय परिवहन अधिकारी, उपविभागीय परिवहन अधिकारी, बॉर्डर चेक पोस्ट और ट्रांसपोर्ट सिस्टम को युद्ध स्तर पर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।

‘राज्यमाता’ का दर्जा मिलने के बाद सरकार और सख्त

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पहल से राज्य में देसी गाय को ‘राज्यमाता’ का सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय के लिए गाय केवल पशु नहीं बल्कि आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे में गायों की हत्या, तस्करी और अमानवीय तरीके से परिवहन करने वालों को कानून के तहत कड़ा सबक सिखाया जाएगा।

संवेदनशील इलाकों में होगी विशेष नाकाबंदी

परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक राज्य के बॉर्डर इलाकों, मुंबई समेत बड़े शहरों और संवेदनशील मार्गों पर विशेष नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। जानवरों को ले जाने वाली हर गाड़ी की जांच होगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी जरूरी परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और एनिमल वेलफेयर नियमों का पालन किया गया है या नहीं।

अवैध बूचड़खानों पर भी रहेगी नजर

सरकार ने अवैध बूचड़खानों तक जानवरों की सप्लाई रोकने के लिए विशेष टीमें भी गठित की हैं। संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान हुई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री सरनाईक ने कहा कि त्योहारों के दौरान गौ तस्करी की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए इस बार प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।

Share This Article