महाराष्ट्र के 5 सांसदों को मिलेगा संसद रत्न पुरस्कार 2026, सीएम फडणवीस ने दी बधाई

Thecity news
2 Min Read

महाराष्ट्र के पांच सांसदों का चयन प्रतिष्ठित “संसद रत्न पुरस्कार 2026” के लिए किया गया है। चयनित सांसदों में भाजपा के डॉ हेमंत सवरा, मेधाताई कुलकर्णी और स्मिताताई वाघ के साथ-साथ महायुति सरकार में शामिल एकनाथ शिंदे की शिवसेना के सांसद डॉ श्रीकांत शिंदे और नरेश म्हस्के शामिल हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी सांसदों को बधाई देते हुए इसे महाराष्ट्र के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय संसदीय भूमिका और प्रभावशाली कार्यशैली को दर्शाता है।

संसद में प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन

पुरस्कार समिति ने सांसदों के चयन के लिए संसद में उपस्थिति, चर्चाओं में सहभागिता, पूछे गए प्रश्नों की गुणवत्ता और निजी विधेयकों में योगदान जैसे विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया।

इस वर्ष देशभर से 10 लोकसभा सांसद, 2 राज्यसभा सांसद और 4 संसदीय समितियों के सदस्यों को इस सम्मान के लिए चुना गया है।

2010 में हुई थी संसद रत्न पुरस्कार की शुरुआत

“संसद रत्न पुरस्कार” की स्थापना वर्ष 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन द्वारा पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर की गई थी। इस पुरस्कार का उद्देश्य संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करना है।

दूसरी बार सम्मानित होंगे डॉ श्रीकांत शिंदे

शिवसेना सांसद डॉ श्रीकांत शिंदे को यह सम्मान दूसरी बार मिलने जा रहा है। इससे पहले उन्हें वर्ष 2024 में भी संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

उन्होंने संसद में डीपफेक रेगुलेशन बिल, राष्ट्रीय प्राकृतिक आपदा नियंत्रण विधेयक और अनाथ बाल कल्याण विधेयक सहित छह महत्वपूर्ण निजी विधेयक प्रस्तुत किए थे।

ऑपरेशन सिदूर के बाद अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रखा भारत का पक्ष

‘ऑपरेशन सिदूर’ के बाद प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भेजे गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए डॉ श्रीकांत शिंदे ने संयुक्त अरब अमीरात, साइबेरिया, सिएरा लियोन और कांगो में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को प्रभावी तरीके से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रखा।

Share This Article