लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर्स में खेले गए एफआईएच प्रो लीग के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ अंक तालिका में स्पेन को पीछे छोड़ा बल्कि सातवां स्थान भी हासिल कर लिया।
पहले गोल के बाद पाकिस्तान ने बनाई बढ़त
मैच की शुरुआत में पाकिस्तान ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 13वें मिनट में अबू महमूद के पेनल्टी कॉर्नर गोल से 1-0 की बढ़त बना ली थी। शुरुआती क्वार्टर में भारत को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में बदलने में असफल रही।
कप्तान हरमनप्रीत और सुखजीत ने बदली मैच की तस्वीर
दूसरे क्वार्टर में भारत ने जोरदार वापसी की। 19वें मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने सिग्नेचर ड्रैग फ्लिक से गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
तीसरे और चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान का डिफेंस ढहा
भारत ने दूसरे हाफ में पूरी तरह मैच पर पकड़ बना ली। 34वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला, इसके तुरंत बाद जुगराज सिंह ने काउंटर अटैक पर गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। 41वें मिनट में अभिषेक ने एक और गोल जोड़कर बढ़त 5-1 कर दी।
भारत की गोल मशीन बनी रही जारी
44वें मिनट में राज कुमार पाल ने छठा गोल किया और 54वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने सातवां गोल दागकर पाकिस्तान की हार को और भारी बना दिया। भारत ने पूरी तरह एकतरफा प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम किया।
हार्दिक सिंह बने प्लेयर ऑफ द मैच
भारतीय मिडफील्ड ने पूरे मैच में शानदार नियंत्रण दिखाया, जिसमें हार्दिक सिंह और मनप्रीत सिंह का प्रदर्शन खास रहा। हार्दिक सिंह को उनके बेहतरीन खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
लगातार 17वीं जीत और भारत का दबदबा
इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 17वीं जीत दर्ज की और एक बार फिर अपने हॉकी दबदबे को साबित किया।

