मुंबई: बॉलीवुड की सबसे सफल एक्टर-डायरेक्टर जोड़ियों में शामिल अक्षय कुमार और प्रियदर्शन एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में हैं। ‘भूत बंगला’ और ‘हैवान’ के बाद दोनों की नई फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने इस अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट का नाम ‘Wicked Sunny’ फाइनल कर दिया है। यह फिल्म एक कॉमिक थ्रिलर होगी और इसकी शूटिंग इसी साल दिसंबर से शुरू होने की संभावना है।
‘Wicked Sunny’ नाम पर लगी मुहर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स का मानना है कि ‘Wicked Sunny’ फिल्म की कहानी और मुख्य किरदार की शख्सियत के साथ पूरी तरह मेल खाता है। बताया जा रहा है कि यह टाइटल फिल्म के कॉमिक और थ्रिलर दोनों पहलुओं को दर्शाता है।
22 साल पुराना कनेक्शन भी आया सामने
फिल्म के टाइटल का अक्षय कुमार की 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ से भी खास कनेक्शन बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस फिल्म में अक्षय कुमार के कई सीन्स के दौरान बजने वाला लोकप्रिय थीम म्यूजिक ‘Wicked Sunny’ नाम से जाना जाता था। मेकर्स का मानना है कि यह नाम दर्शकों के बीच पहले से लोकप्रिय है और फिल्म के प्रति उत्साह बढ़ाएगा।
अलग अंदाज में दिखेंगे अक्षय कुमार
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘Wicked Sunny’ में अक्षय कुमार पूरी तरह नए कॉमिक अवतार में नजर आएंगे। उनका किरदार ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी हालिया फिल्मों से बिल्कुल अलग होगा। फिल्म में कॉमेडी के साथ थ्रिल और सस्पेंस का भी जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा।
रोहन शंकर के साथ प्रियदर्शन ने लिखी कहानी
यह कॉमिक थ्रिलर प्रियदर्शन और लेखक रोहन शंकर ने मिलकर लिखी है। दोनों इससे पहले ‘भूत बंगला’ के लिए भी साथ काम कर चुके हैं। फिल्म का निर्माण टिप्स फिल्म्स के बैनर तले रमेश तौरानी करेंगे।
अक्षय-प्रियदर्शन की सुपरहिट साझेदारी
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सफल जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों अब तक ‘हेरा फेरी’ (2000), ‘गरम मसाला’ (2005), ‘भागम भाग’ (2006), ‘भूल भुलैया’ (2007), ‘दे दना दन’ (2009), ‘खट्टा मीठा’ (2010) और ‘भूत बंगला’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
अब ‘हैवान’ उनकी आठवीं और ‘Wicked Sunny’ नौवीं फिल्म होगी। ‘हैवान’, जिसमें सैफ अली खान भी अहम भूमिका में हैं, 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

