रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ करते हुए सैफ अली खान ने कहा कि इसकी कहानी, म्यूजिक और प्रस्तुति ने इंडस्ट्री के लिए नया बेंचमार्क तय किया है।
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर अभिनेता सैफ अली खान ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। एक हालिया इंटरव्यू में सैफ ने कहा कि इस फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का नजरिया बदला है, बल्कि बॉलीवुड में फिल्मों को देखने और बनाने के तरीके पर भी असर डाला है। उन्होंने माना कि ‘धुरंधर’ के बाद इंडस्ट्री में बदलाव साफ तौर पर महसूस किया जा सकता है।
सैफ अली खान ने कहा कि फिल्म की कहानी, बैकग्राउंड और प्रस्तुति ने इंडस्ट्री के भीतर एक नया बेंचमार्क स्थापित किया है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फिल्म को लेकर बनी जबरदस्त चर्चा और दर्शकों का उत्साह उन्हें काफी प्रभावित कर गया।
स्क्रिप्ट चुनने पर भी रखी राय
इंटरव्यू के दौरान जब सैफ अली खान से पूछा गया कि क्या अब उनकी प्राथमिकता अलग-अलग जॉनर की स्क्रिप्ट चुनना है, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल वह खुद को किसी एक तरह की फिल्मों तक सीमित नहीं रखना चाहते।
उन्होंने कहा, “मेरे पास एक तरह की आजादी है, जिसकी वजह से मैं किसी भी विषय पर बनी फिल्म का हिस्सा बन सकता हूं। मैंने बॉलीवुड में हो रहे बदलाव को महसूस किया है। अब दर्शक ऐसी फिल्मों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जो पूरी ईमानदारी और नए अंदाज में बनाई गई हों।”
‘धुरंधर’ से पहले और बाद का दौर अलग
सैफ अली खान ने कहा कि वह बॉलीवुड को ‘धुरंधर’ से पहले और उसके बाद के दौर में देखते हैं। उनके मुताबिक, फिल्म ने इंडस्ट्री में नए प्रयोगों और अलग सोच को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि समय के साथ खुद को बदलना और दर्शकों की पसंद के अनुसार आगे बढ़ना बेहद जरूरी है।
फिल्म के म्यूजिक की भी की तारीफ
सैफ ने ‘धुरंधर’ के संगीत की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हर फिल्म के लिए अलग और प्रभावशाली म्यूजिक तैयार करना अच्छी सोच है। साथ ही दुनिया भर के संगीत और नए प्रयोगों को अपनाने की कोशिश फिल्म इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक बदलाव साबित हो सकती है।

