पश्चिम एशिया के तनाव और वैश्विक बाजार के असर से सोना-चांदी महंगे, प्रमुख शहरों में भी बढ़े दाम
पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक गतिविधियों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। इसका सीधा असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी पड़ा है। सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और वैश्विक संकेतों के चलते दोनों कीमती धातुओं के दाम में उछाल दर्ज किया गया है। वहीं, रुपये की चाल और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी भी बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा रही है।
MCX पर सोने में तेज उछाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 1.07 प्रतिशत यानी 1,512 रुपये की बढ़त के साथ 1,42,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,41,388 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोने की कीमत बढ़कर 4,124 डॉलर प्रति औंस हो गई है।
चांदी भी हुई महंगी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली। MCX पर चांदी का वायदा भाव 21 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 2,23,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में चांदी 60.14 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही है।
प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ में 10 ग्राम सोने का भाव 1,44,370 रुपये है। मुंबई और कोलकाता में यह 1,44,220 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। चेन्नई में सोने की कीमत 1,43,470 रुपये और पटना में 1,44,270 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।
क्या कह रहे हैं बाजार विशेषज्ञ?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग से सोने और चांदी को मजबूती मिल रही है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति ने सर्राफा बाजार को समर्थन दिया है। वहीं, लेमन मार्केट्स के गौरव गर्ग का कहना है कि ऊर्जा लागत में कमी और चीन से मजबूत मांग भी कीमती धातुओं की कीमतों को सहारा दे रही है।

