पहले टी20 में भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया, वैभव सूर्यवंशी बने जीत के सबसे बड़े हीरो; श्रेयस बोले- इतनी कम उम्र में ऐसा आत्मविश्वास कमाल का है।
भारत ने गुरुवार (23 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। टीम इंडिया की इस शानदार जीत के सबसे बड़े हीरो 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने केवल 19 गेंदों में 50 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच को एकतरफा बना दिया।
श्रेयस अय्यर ने की वैभव की जमकर तारीफ
मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “वह बिल्कुल निडर है। जिस तरह वह बल्लेबाजी की शुरुआत करता है, वह कमाल का है। मैदान पर कदम रखते ही उसके अंदर जबरदस्त आत्मविश्वास नजर आता है।” श्रेयस ने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव का आत्मविश्वास और बेखौफ अंदाज बेहद खास है।
इंग्लैंड में फ्लॉप, हरारे में चमके वैभव
वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने अपने पहले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 14, 13 और 15 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें अंतिम मैच से बाहर कर दिया गया था। उस सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था।
हालांकि हरारे पहुंचते ही वैभव का बल्ला फिर गरजा। इसी मैदान पर उन्होंने इस साल अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 80 गेंदों पर ऐतिहासिक 175 रन बनाए थे और अब उसी मैदान पर उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक भी जड़ दिया।
18 गेंदों में पूरा किया पहला इंटरनेशनल अर्धशतक
शुरुआती चार गेंदों पर खुद को संभालने के बाद वैभव ने आक्रामक अंदाज अपनाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से सिर्फ 18 गेंदों में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
पावरप्ले में ही भारत ने बना लिया मैच पर कब्जा
वैभव की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने पावरप्ले के भीतर ही मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद रिचर्ड नगरावा ने उन्हें आउट जरूर किया, लेकिन तब तक मैच भारत की झोली में लगभग आ चुका था। इसके बाद ईशान किशन ने 35 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को आसानी से जीत दिला दी।
गेंदबाजों ने रखी जीत की मजबूत नींव
इससे पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 125/7 के स्कोर पर रोक दिया। मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई और दो विकेट अपने नाम किए। वहीं प्रिंस यादव ने भी दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मेजबान टीम की बल्लेबाजी को बिखेर दिया।
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजों की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी योजनाओं को बेहतरीन तरीके से लागू किया। उन्होंने कहा कि कप्तान के तौर पर पहली जीत उनके लिए बेहद खास है और तेज गेंदबाजों ने पिच से मिल रही अतिरिक्त उछाल का पूरा फायदा उठाया।

