RRB Group D 2026: एग्जाम सिटी स्लिप जारी, 3 अगस्त से होगी परीक्षा; प्रयागराज में PET शुरू, बारिश के बीच अभ्यर्थियों का दमखम

Thecity news
4 Min Read

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी (लेवल-1) भर्ती 2026 के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। वहीं, प्रयागराज में ग्रुप डी भर्ती 2024 के दूसरे चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) भी शुरू हो गई है। पहले ही दिन बारिश के बीच अभ्यर्थियों ने कड़े शारीरिक मानकों को पूरा करने की चुनौती का सामना किया।

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) प्रयागराज की ग्रुप डी भर्ती प्रक्रिया को लेकर शनिवार को दो बड़े अपडेट सामने आए। एक ओर ग्रुप डी भर्ती 2024 के दूसरे चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड पर शुरू हुई, तो दूसरी ओर नई ग्रुप डी भर्ती 2026 के लिए एग्जाम सिटी स्लिप भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई।

बारिश के बीच हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा

प्रयागराज स्थित डीएसए ग्राउंड पर शुरू हुई पीईटी में पुरुष अभ्यर्थियों को 35 किलोग्राम वजन की बोरी उठाकर दो मिनट के भीतर 100 मीटर की दूरी तय करनी थी। इसके बाद उन्हें 1,000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकेंड में पूरी करनी थी। चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद कई अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय से पहले दोनों चरण सफलतापूर्वक पूरे किए।

480 अभ्यर्थियों की परीक्षा, 251 हुए सफल

मंडल पीआरओ अमित सिंह के अनुसार, पहले दिन कुल 1,000 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 640 उपस्थित हुए। दोपहर में तेज बारिश के कारण ट्रैक प्रभावित हो गया, जिससे केवल 480 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी कराई जा सकी।

इनमें से 251 अभ्यर्थी शारीरिक मानकों पर सफल रहे, जबकि 229 अभ्यर्थी परीक्षा में असफल हो गए। खराब मौसम के कारण शेष 160 अभ्यर्थियों की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। उन्हें नई तिथि पर दोबारा बुलाया जाएगा।

28 जुलाई को होगी महिला अभ्यर्थियों की पीईटी

महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 28 जुलाई को आयोजित की जाएगी। निर्धारित मानकों के अनुसार उन्हें 20 किलोग्राम वजन उठाकर दो मिनट में 100 मीटर चलना होगा। इसके बाद 1,000 मीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकेंड के भीतर पूरी करनी होगी।

ग्रुप डी 2026 के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी

रेलवे भर्ती बोर्ड ने ग्रुप डी (लेवल-1) भर्ती 2026 के लिए परीक्षा शहर (Exam City Slip) जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर में 22,195 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें आरआरबी प्रयागराज के 1,183 पद शामिल हैं।

प्रयागराज मंडल में सबसे अधिक 600 पद ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-4 के लिए निर्धारित हैं।

3 अगस्त से शुरू होगी CBT परीक्षा

ग्रुप डी भर्ती 2026 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 3 अगस्त से 21 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी परीक्षा तिथि से चार दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट से ई-कॉल लेटर (एडमिट कार्ड) डाउनलोड कर सकेंगे।

एग्जाम सिटी स्लिप देखने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। इसके जरिए परीक्षा शहर और परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

Share This Article