उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) प्राइवेट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है। बोर्ड ने आवेदन, फीस जमा करने, दस्तावेज अपलोड और संशोधन का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट प्राइवेट परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने छात्रों और विद्यालयों को आवेदन के दौरान सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरने के निर्देश दिए हैं।
5 अगस्त तक सामान्य आवेदन, 16 अगस्त तक लेट फीस के साथ मौका
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, अग्रसारण केंद्रों के प्रधानाचार्य 5 अगस्त 2026 तक छात्रों के आवेदन पत्र और परीक्षा शुल्क स्वीकार करेंगे। इसके बाद परीक्षा शुल्क 10 अगस्त तक चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कराया जाएगा।
जो अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, वे 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 16 अगस्त 2026 तक आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। ऐसे आवेदनों का विवरण 20 अगस्त तक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
आवेदन के बाद होगी दस्तावेजों की जांच
बोर्ड ने आवेदन के बाद सत्यापन और संशोधन का भी पूरा कार्यक्रम जारी किया है। वेबसाइट पर अपलोड किए गए नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय और फोटो जैसी जानकारियों की जांच 21 से 31 अगस्त 2026 तक की जाएगी।
इसके बाद 1 से 10 सितंबर 2026 के बीच केवल पहले से दर्ज विवरणों में संशोधन किया जा सकेगा। इस अवधि में नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा फीस
यूपी बोर्ड ने विभिन्न श्रेणियों के लिए परीक्षा शुल्क भी निर्धारित किया है।
- हाईस्कूल प्राइवेट परीक्षा: 706 रुपये
- हाईस्कूल क्रेडिट सिस्टम: 306 रुपये
- हाईस्कूल अतिरिक्त विषय: 206 रुपये
- इंटरमीडिएट प्राइवेट, कृषि एवं व्यावसायिक परीक्षा: 806 रुपये
- इंटरमीडिएट अतिरिक्त विषय: 206 रुपये
आवेदन करते समय रखें इन बातों का ध्यान
बोर्ड ने निर्देश दिया है कि छात्र आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक शैक्षिक प्रमाणपत्रों और निर्धारित शुल्क के साथ अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य के पास जमा करें। विद्यालय द्वारा सभी जानकारियों का रिकॉर्ड से मिलान करने के बाद ही उन्हें वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर उसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी। इसलिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करना आवश्यक है।

