यूपी एडेड कॉलेजों में 2,107 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती, हिंदी के सबसे ज्यादा 195 पद

Thecity news
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने 44 विषयों के 2,107 रिक्त पदों का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है।

उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के 330 एडेड कॉलेजों में 44 विषयों के कुल 2,107 रिक्त पदों का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। प्रस्ताव मिलने के बाद आयोग जल्द ही भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

330 कॉलेजों में होगी भर्ती

भर्ती के तहत कुल 2,107 पदों में से 1,699 रिक्तियां सह-शिक्षा महाविद्यालयों के लिए हैं, जबकि 408 पद महिला महाविद्यालयों में भरे जाएंगे। वहीं, प्रदेश के 21 अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त महाविद्यालयों ने किसी भी रिक्त पद का विवरण उपलब्ध नहीं कराया है।

हिंदी विषय में सबसे अधिक पद

करीब चार वर्षों बाद होने जा रही इस भर्ती में हिंदी विषय के सबसे अधिक 195 पद प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा केमिस्ट्री (178), बीएड (176), अंग्रेजी (111), बॉटनी (104), अर्थशास्त्र (103) और संस्कृत (100) पदों पर भी भर्ती होगी। चयन आयोग पहले ही सभी विषयों का नया सिलेबस जारी कर चुका है।

17 विषयों में 50 से अधिक रिक्तियां

इस भर्ती में 17 विषय ऐसे हैं, जिनमें 50 से अधिक पद प्रस्तावित हैं। इनमें कॉमर्स (99), फिजिक्स (98), भूगोल (96), राजनीतिशास्त्र (94), जूलॉजी (91), समाजशास्त्र (81), मनोविज्ञान (71), विधि (61), इतिहास (60) और गणित (51) प्रमुख हैं। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।

कुछ विषयों में बेहद कम पद

कुछ विषयों में रिक्तियों की संख्या सीमित है। एशियन कल्चर, मानव विज्ञान और संगीत वादन (सितार) में केवल एक-एक पद प्रस्तावित है। वहीं कृषि सांख्यिकी और कुक्कुट पालन में दो-दो, कीट विज्ञान में चार, कृषि एवं पादप प्रजनन तथा कृषि प्रसार में पांच-पांच, भूगर्भ विज्ञान में छह, उद्यान विज्ञान में सात तथा कृषि रसायन और कृषि वनस्पति में आठ-आठ पद हैं। संगीत वादन (तबला) के लिए नौ पद प्रस्तावित किए गए हैं। कुक्कुट पालन विषय के पदों के लिए अलग से विज्ञापन जारी नहीं किया जाएगा।

जल्द जारी हो सकता है विज्ञापन

उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा रिक्तियों का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब विभागीय प्रक्रिया अंतिम चरण में है। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग जल्द ही भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा।

Share This Article