18 साल के रॉकी फ्लिंटॉफ ने जड़ा प्रोफेशनल करियर का पहला शतक, 76 गेंदों में ठोके 123 रन

Thecity news
3 Min Read

लैंकशर के लिए खेलते हुए रॉकी ने 7 छक्के और 10 चौके लगाए, कीटॉन जेनिंग्स ने भी 156 रनों की तूफानी पारी खेली

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ ने आखिरकार अपने प्रोफेशनल करियर का पहला शतक जड़ दिया। रॉकी ने वनडे कप में लैंकशर के लिए खेलते हुए 76 गेंदों में 123 रन की शानदार पारी खेली। टॉन्टन में समरसेट के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में उन्होंने अपनी पारी के दौरान 7 छक्के और 10 चौके लगाए।

रॉकी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और महज 65 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। 18 वर्षीय रॉकी को इंग्लैंड के उभरते हुए सितारों में गिना जाता है और उनकी इस पारी ने उनकी प्रतिभा की एक और झलक दिखा दी है।

कीटॉन जेनिंग्स ने भी जड़ा शतक

रॉकी फ्लिंटॉफ के अलावा कीटॉन जेनिंग्स ने भी शानदार शतक लगाया। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 127 गेंदों में 156 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 7 छक्के लगाए।

रॉकी और जेनिंग्स की तूफानी पारियों के दम पर लैंकशर ने 50 ओवर में 443 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पारी में कुल 20 छक्के लगे। डेथ ओवर्स में जैक ब्लैदरविक ने भी 10 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया।

रॉकी फ्लिंटॉफ का करियर

रॉकी फ्लिंटॉफ का करियर अब तक अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार से आगे बढ़ा है। 18 वर्षीय इस बल्लेबाज ने अब तक 5 फर्स्ट क्लास मैचों में 15.22 की औसत से 137 रन बनाए हैं और इस दौरान एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके।

हालांकि, लिस्ट ए क्रिकेट के 15वें मैच में उन्होंने आखिरकार अपना पहला शतक जड़ दिया। उनका कुल स्ट्राइक रेट करीब 72 का रहा है, लेकिन शतकीय पारी में उन्होंने 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। यह पारी उनके भविष्य की संभावनाओं के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

कौन हैं एंड्रयू फ्लिंटॉफ?

रॉकी फ्लिंटॉफ के पिता एंड्रयू फ्लिंटॉफ इंग्लैंड के महान ऑलराउंडरों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 79 टेस्ट मैचों में 3,845 रन बनाने के साथ 226 विकेट हासिल किए। वनडे क्रिकेट में फ्लिंटॉफ ने 3,394 रन बनाए और 169 विकेट भी अपने नाम किए।

Share This Article