बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ ने ‘बटवारा 1947’ को पछाड़ा, 11वें दिन भी दिखा बड़ा अंतर

Thecity news
3 Min Read

बॉक्स ऑफिस पर 2 बड़ी फिल्मों के बीच चल रही टक्कर अब एकतरफा होती नजर आ रही है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 14 अगस्त को रिलीज हुई इमरान हाशमी की एक्शन थ्रिलर ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ऐतिहासिक कहानी पर आधारित ‘बटवारा 1947’ से शुरुआती दिनों में कांटे की टक्कर की उम्मीद थी। हालांकि, दूसरे हफ्ते के वर्किंग डे में दोनों फिल्मों के कलेक्शन में गिरावट के बावजूद ‘आवारापन 2’ ने ‘बटवारा 1947’ को काफी पीछे छोड़ दिया है। रिलीज के 11वें दिन के आंकड़े सामने आ गए हैं, जिसमें इमरान हाशमी की फिल्म मजबूत स्थिति में बनी हुई है, जबकि सनी देओल की फिल्म की कमाई लाखों में सिमट गई है।

दूसरे सोमवार को गिरा कलेक्शन, फिर भी आगे ‘आवारापन 2’

दूसरे सोमवार को ‘आवारापन 2’ के कलेक्शन में रविवार के मुकाबले बड़ी गिरावट देखने को मिली। रविवार को 8।75 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म ने सोमवार को करीब 2।75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। गिरावट के बावजूद यह आंकड़ा फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनाए रखने के लिए राहत देने वाला माना जा रहा है। सोमवार को देशभर में फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 10 प्रतिशत रही और लगभग 11,344 शोज चलाए गए।

200 करोड़ की दहलीज पर पहुंची इमरान हाशमी की फिल्म

‘आवारापन 2’ ने घरेलू और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने 11 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 139 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 165।75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने अब तक 196।55 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इस तरह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड आंकड़े को पार कर सकती है।

लाखों में सिमटी सनी देओल की फिल्म की कमाई

दूसरी ओर, सनी देओल स्टारर ‘बटवारा 1947’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन बेहद कमजोर नजर आ रहा है। रिलीज के 11वें दिन फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार के मुकाबले सोमवार को करीब 95 लाख रुपये की कमी आई और फिल्म ने सिर्फ 35 लाख रुपये कमाए। इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 9 प्रतिशत रही और देशभर में 4,330 शोज चलाए गए।

11 दिनों में ‘बटवारा 1947’ ने भारत में कुल 37।15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 53।04 करोड़ रुपये तक पहुंची है। बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से साफ है कि दूसरे हफ्ते में ‘आवारापन 2’ ने ‘बटवारा 1947’ पर अपनी बढ़त काफी मजबूत कर ली है।

Share This Article